KHAGARIA: सुविधा के नाम पर बंद पड़ा सुलभ शौचालय, यात्रियों को हो रही परेशानी

शौचालय बंद रहने से लोगों को काफी दिक्कत हो रही है. विशेष रूप से महिलाओं एवं बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है.

चौथम से धीरज सिंह बंटू की रिपोर्ट.

खगड़िया: चौथम प्रखंड के करुआ मोड़ चौक स्थित सुलभ शौचालय इन दिनों बदहाली का शिकार बना हुआ है. वर्षों पूर्व आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखकर बनाए गए इस शौचालय पर आज ताला लटका हुआ है, जिससे राहगीरों, महिलाओं, बच्चों एवं स्थानीय व्यवसायियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

करुआ मोड़ चौक दर्जनों गांवों के लोगों के आवागमन का मुख्य केंद्र माना जाता है. यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग बस, ऑटो एवं अन्य वाहनों के इंतजार में पहुंचते हैं. दूर-दराज यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह स्थान प्रमुख पड़ाव है, लेकिन शौचालय बंद रहने से लोगों को काफी दिक्कत हो रही है. विशेष रूप से महिलाओं एवं बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है.

स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व जनप्रतिनिधियों द्वारा शौचालय की साफ-सफाई कराई गई थी. सफाई के बाद निकाला गया मलबा आज भी सड़क किनारे पड़ा हुआ है, जिससे आसपास गंदगी का माहौल बना हुआ है. लोगों का कहना है कि सफाई के बाद भी शौचालय को चालू नहीं कराया गया और न ही किसी अधिकारी ने इस दिशा में कोई पहल की.

व्यवसायियों का कहना है कि करुआ मोड़ जैसे व्यस्त चौक पर सार्वजनिक शौचालय की सुविधा नहीं रहने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है. ग्रामीणों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द बंद पड़े सुलभ शौचालय को चालू कराने, नियमित साफ-सफाई कराने तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

Shruti Kumari is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >