खगड़िया: डाक विभाग में बीते हुई बहाली के जांच के आदेश दिये गये है. डाक सचिव भारत सरकार ने चीफ पोस्ट मास्टर जनरल (सीपीएमजी) पटना को बहाली की जांच की कर कार्रवाई करने के लिए पत्र लिखा है. डाक विभाग नई दिल्ली में पदस्थापित सहायक निदेशक सामान्य निगरानी टू मनोज कुमार सिंह ने यह जानकारी आरटीआइ के तहत आवेदन शैलेंद्र सिंह तरकर को दी है.
इसके पूर्व आवेदक ने डाक प्रमंडल बेगूसराय द्वारा की गयी 35 ग्रामीण डाक सेवक व इडीएमसी की गलत बहाली की शिकायत प्रधानमंत्री से की थी, जिसके बाद पीएम कार्यालय ने डाक सचिव को जांच करने का निर्देश दिया था. इधर, आरटीआइ के तहत डाक सचिव कार्यालय से कार्रवाई व जांच के संदर्भ में सूचना मांग जाने पर विभाग में पदस्थापित सहायक निदेशक श्री सिंह ने 20 मार्च को यह जानकारी दी है कि पीएम कार्यालय से प्राप्त जांच पर डाक विभाग के सचिव ने समीक्षा करते हुए 10 मार्च को ही पूरे मामले की जांच करने के लिए सीपीएमजी पटना को लिखा है.
क्या है पूरा मामला
डाक अधीक्षक कार्यालय बेगूसराय के द्वारा वर्ष 2014 में खगड़िया व बेगूसराय जिले में 35 ग्रामीण डाक सेवक व इडीएमसी की बहाली की गयी थी. इस जिले में 11 व बेगूसराय जिले में 19 बहाली हुई थी. आरटीआइ के तहत मांगी गयी सूचना से इस बात का खुलासा हुआ था कि ग्रामीण डाक सेवक व इडीएमसी के बहाली में नियमों की अनदेखी की गयी थी. बहाली के पूर्व न तो बहाली के संदर्भ में विज्ञापन प्रकाशित किया गया था और न ही नियुक्ति समिति का गठन किया गया था. इसके साथ -साथ कुछ और बातें सामने आयी थी. जिससे बहाली पर सवाल उठने लगे थे. इसी को आधार बनाकर जिले के एक आरटीआइ कार्यकर्ता ने 25 नवंबर 2014 को गलत बहाली की शिकायत उच्च पदाधिकारी से की थी. जिस पर अब सीपीएमजी पटना को जांच करने के निर्देश दिये गये है.
