बेलदौर. सकरोहर के चक्रमणिया गांव में हो रहे सड़क निर्माण कार्य को ग्रामीणों ने कई घंटे रोककर हंगामा मचाया. आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने गये मुखिया प्रतिनिधि किशोर कुमार के काफी मान मनौव्वल के बाद भी जब बात नहीं बनी, तो स्थानीय विधायक पन्नालाल पटेल ने कार्यस्थल पर जाकर अतिक्रमित किये गये पथ को खाली करवाते हुए निर्माण कार्य प्रारंभ करवाया और अतिक्रमणकारियों को सख्त हिदायत दी कि बेवजह विवाद कर सड़क निर्माण कार्य को प्रभावित न किया जाये.
पचौत से चक्रमणियागांव की यह संपर्क पथ मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना से कराया जा रहा ससमय गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरी हो इसके लिए ग्रामीण सहयोग के साथ कार्य की निगरानी भी करें. मालूम हो कि चक्रमणिया गांव समीप उक्त पथ के तिलाठी सकरोहर आरइओ पथ के तिनमुहानी समीप सड़क की चौड़ाई बढ़ाकर आरइओ पथ में मिलाने का निर्देश विधायक ने कार्य एजेंसी को दिया था ताकि वाहनों को टर्न लेने में कोई परेशानी नहीं हो एवं तिनमुहानी पर जाम की समस्या उत्पन्न नहीं हो.
लेकिन तीनमुहानी के समीप बसे लोग एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप कर चिह्नित स्थल तक सड़क खाली नहीं कर कार्य को रुकवा दिया था. सोमवार को लगभग तीन घंटे तक काम बंद रहा, लेकिन विधायक ने दोनों पक्ष के लोगों को समझा बुझाकर सड़क खाली कराते हुए पीसीसी कार्य पूरा करवाया. मौके पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष अनिल सिंह, बीस सूत्री अध्यक्ष विजय सिंह, तारणी सिंह, प्रखंड अध्यक्ष अशोक राय, कार्य एजेंसी संजय सिंह समेत दर्जनों लोग मौजूद थे.
