खगड़िया (परबत्ता थाना क्षेत्र) से अमित कुमार की रिपोर्ट:
खगड़िया: परबत्ता थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता ने पति द्वारा तीन तलाक देने और उसके बाद हलाला के लिए दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता ने थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है.
पीड़िता का आरोप है कि पति के मुंबई में रहने के दौरान ससुर और जेठ द्वारा उस पर दबाव बनाने और अनुचित व्यवहार करने की घटनाएं हुईं. विरोध करने पर मारपीट की बात भी सामने आई है.
पीड़िता ने बताया कि जब उसने इसकी जानकारी अपने पति को दी तो उसने कोई ठोस कदम नहीं उठाया और कहा की जैसा जेठ बोलते हैं वैसा ही करो और फिर बाद में तीन तलाक दे दिया. इसके बाद उस पर हलाला के लिए दबाव बनाए जाने का भी आरोप लगाया गया है.
पहले भी महिला थाने में हुई थी शिकायत
पीड़िता ने बताया कि इससे पहले उसने महिला थाना में शिकायत की थी, जिसके बाद पुलिस की मौजूदगी में समझौता कराया गया था. इसके बाद वह अपने मायके में रह रही थी.
हाल ही में पति के वापस आने के बाद फिर से विवाद बढ़ गया और पीड़िता के अनुसार उस पर दबाव बनाया गया. विरोध करने पर मारपीट की घटना भी हुई.
पुलिस जांच में जुटी
परबत्ता थाना के थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है.
