प्रतिनिधि, खगडि़या निर्भया कांड की याद में मंगलवार को देर शाम महिला सामाख्या सोसाइटी के तत्वावधान में मशाल जुलूस निकाला गया. साधनसेवी कुंदन कुमारी ने बताया कि आज से ठीक दो वर्ष पूर्व 16 दिसंबर को दिल्ली की बेटी निर्भया के साथ हृदय विदारक घटना घटी थी, जिससे देश ही नहीं विदेश में भी एक दर्द का तूफान उठा था.
उस मासूम बेटी के दर्द से जन-जन का दिल कराह उठा था. लेकिन निर्भया जिंदगी से लड़ते-लड़ते हार गयी और हम सबको निराश कर गयी. लेकिन उस बहादुर बेटी का सवाल आज भी हमारे समाज से है कि मैं तो सुरक्षित नहीं थी, क्या आप सुरक्षित हैं. साधनसेवी ने कहा कि दो वर्ष पूर्व जो घटना घटी उसकी पुनरावृत्ति न हो और तमाम लोग मिल कर प्रण लें, जिससे ऐसी घटना दोबारा घटित नहीं हो. वहीं उन्होंने बताया कि मशाल जुलूस राजेंद्र चौक से स्टेशन रोड, मील रोड, एनएसी रोड, शहीद प्रभुनारायण चौक, थाना रोड होते हुए राजेंद्र चौक पर सभा में तब्दील हो गया. मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. वहीं मशाल जुलूस में देव नंदन शर्मा, बंटी देवी, निशा रानी,मीणा रानी, पूनम देवी, पूनम कुमारी, बबीता कुमारी, बिरम देवी, पुष्पलता, तपेश्वर कुमार आदि शामिल थे.
