अक्टूबर 2018 से विद्यालय से गायब सहायक शिक्षक अबसेंटी के लिए एचएम को दे रहे धमकी

खगड़िया : मध्य विद्यालय अमौसी के प्रधानाध्यापक को पूरे परिवार सहित जान से मारने की धमकी मिली है. यह धमकी किसी बदमाश ने नहीं बल्कि उसी स्कूल के एक सहायक शिक्षक ने दी है. सहायक शिक्षक नवीन कुमार ने प्रधानाध्यापक को बजाप्ता मोबाइल पर मैसेज भेज कर ऐबसेंटी नहीं देने पर जूता से मारने से […]

खगड़िया : मध्य विद्यालय अमौसी के प्रधानाध्यापक को पूरे परिवार सहित जान से मारने की धमकी मिली है. यह धमकी किसी बदमाश ने नहीं बल्कि उसी स्कूल के एक सहायक शिक्षक ने दी है. सहायक शिक्षक नवीन कुमार ने प्रधानाध्यापक को बजाप्ता मोबाइल पर मैसेज भेज कर ऐबसेंटी नहीं देने पर जूता से मारने से लेकर अन्य आपत्तिजनक बातें लिखते हुए अंजाम भुगतने को तैयार रहने को कहा है.

डरे सहमे मध्य विद्यालय अमौसी के प्रधानाध्यापक राजेश्वर कुमार ने डीएम, डीइओ सहित मोरकाही थाना में आवेदन देकर पूरी घटना की जानकारी देते हुए जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगायी है. पीड़ित हेडमास्टर ने बताया कि अक्टूबर 2018 से सहायक शिक्षक नवीन कुमार विद्यालय नहीं आ रहे थे. लेकिन अबसेंटी देने के लिये दबाव दे रहे हैं.

बिना विद्यालय आये अबसेंटी देने से इंकार करने पर अब सहायक शिक्षक द्वारा पूरे परिवार को बर्बाद करने की धमकी दिया जा रहा है. सूत्रों की मानें तो पिछले दरवाजे से बिना विद्यालय गये ही विभागीय मिलीभगत से वेतन निकासी का खेल चल रहा रहा है. मध्य विद्यालय अमौसी के प्रधानाध्यापक ने बताया कि सहायक शिक्षक नवीन कुमार महीनों से विद्यालय नहीं आ रहे हैं.

घर पर रहकर हाजिरी बनाने के लिये उन्हें तत्कालीन डीइओ द्वारा निलंबित भी किया गया. अक्टूबर 2018 में निलंबन टूटने के बाद से सहायक शिक्षक नवीन कुमार को तत्कालीन बीइओ ने मध्य विद्यालय अमौसी में योगदान का आदेश दिया था. लेकिन वे महीनों तक विद्यालय नहीं आये. इसकी पुष्टि शिक्षक उपस्थिति पंजी से की जा सकती है.

इसी तरह विद्यालय की एक अन्य शिक्षिका बरसों से विद्यालय नहीं आ रही है. स्थिति यह है कि स्कूल से गायब इन दोनों शिक्षक-शिक्षिका को स्कूल के बच्चे से लेकर ग्रामीण पहचानते तक नहीं है. बीते महीने 14 अगस्त 2019 को शिक्षक नवीन कुमार ने विद्यालय में योगदान दिया.

इसके बाद 13 सितंबर को विद्यालय खुलने के बाद ये शिक्षक विद्यालय पहुंचे. इनके साथ मध्य विद्यालय बेनहर के निलंबित हेडमास्टर राजीव रंजन भी मध्य विद्यालय अमौसी आये थे. महीनों से विद्यालय नहीं आ रहे शिक्षक नवीन कुमार को देख ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया. इसके बाद स्कूल में हंगामा शुरु हो गया.

ग्रामीणों का भड़का गुस्सा, स्कूल में काटा बवाल . बीते 13 सितंबर को शिक्षक नवीन कुमार को विद्यालय में देख ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया. जिसके बाद ग्रामीणों ने स्कूल में जमकर बवाल काटा था. इस दौरान शिक्षक और ग्रामीणों के बीच तीखी नोंकझोंक भी हुई.

गुस्साये ग्रामीणों को शांत करने में स्कूल के प्रधानाध्यापक सहित अन्य शिक्षकों के पसीने छूट गये. ग्रामीणों का गुस्सा इस बात को लेकर था कि इतने महीने से ये दोनों शिक्षक-शिक्षिका विद्यालय क्यों नहीं आते थे?

इसके बाद ग्रामीणों के गुस्से को शांत करने के लिये दोनों शिक्षक-शिक्षिका ने यह लिखित रुप से दिया कि अब रोज स्कूल आयेंगे. साथ ही सहायक शिक्षक नवीन कुमार ने यह भी कहा कि भवन निर्माण की जो राशि उन्होंने बरसों पूर्व निकाल ली है, उस राशि से जल्द ही भवन निर्माण पूरा कर दिया जायेगा. इसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ.

मध्य विद्यालय अमौसी के सहायक शिक्षक नवीन कुमार बिना विद्यालय आये ही अबसेंटी मांग रहे हैं. नहीं देने पर पूरे परिवार को बर्बाद करने की धमकी दी गयी है. इसकी सूचना डीएम, डीइओ व मोरकाही थाना में लिखित आवेदन देकर दी गयी है.

घर पर रहकर हाजिरी बनाने सहित अन्य आरोपों के घेरे में आने के बाद तत्कालीन डीइओ ने मध्य विद्यालय अमौसी के सहायक शिक्षक नवीन कुमार को निलंबित कर दिया था. अक्टूबर 2018 निलंबन टूटने के बाद इन्हें तत्कालीन बीइओ ने मध्य विद्यालय अमौसी में योगदान का आदेश दिया था. लेकिन ये बीते 14 अगस्त को विद्यालय में योगदान दिये.

इसके बाद 13 सितंबर को मध्य विद्यालय बेनहर के निलंबित प्रधानाध्यापक राजीव रंजन के साथ सहायक शिक्षक नवीन कुमार मध्य विद्यालय अमौसी पहुंचे थे. जहां इन्हें देख ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया. इसके बाद स्कूल में काफी देर तक बवाल हुआ था.

राजेश्वर कुमार, प्रधानाध्यापक, मध्य विद्यालय, अमौसी.

स्कूल के प्रधानाध्यापक जान-बूझकर परेशान करने की नीयत से अबसेंटी नहीं दे रहे हैं. 13 सितंबर को विद्यालय में ग्रामीणों द्वारा किया गया हंगामा प्रायोजित था. हमने इसकी सूचना डीइओ को दे दी है. विद्यालय नहीं जाने के आरोप बेबुनियाद हैं.

नवीन कुमार, सहायक शिक्षक, मध्य विद्यालय, अमौसी.

मध्य विद्यालय बेनहर के निलंबित प्रधानाध्यापक भी थे मौजूद

बताया जाता है कि महीनों से गायब सहायक शिक्षक का मामला सुलझाने के लिये मध्य विद्यालय बेनहर के निलंबित हेडमास्टर राजीव रंजन भी बीते 13 सिंतबर को मध्य विद्यालय अमौसी पहुंचे थे. जहां बवाल देख निलंबित हेडमास्टर राजीव रंजन एक कमरे में दुबक गये.

मिली जानकारी अनुसार सहायक शिक्षिका के साथ अश्लील हरकत सहित अन्य आरोपों के घेरे में आने के बाद मध्य विद्यालय बेनहर के प्रधानाध्यापक राजीव रंजन को निलंबित कर दिया गया. इनका मुख्यालय परबत्ता प्रखंड संसाधन केंद्र बनाया गया.

लेकिन परबत्ता की बजाय ये निलंबित हेडमास्टर श्री रंजन बीते 13 अगस्त को एक शिक्षक के साथ अलौली के मध्य विद्यालय अमौसी पहुंचे हुए थे. इस बात का सबूत ग्रामीणों को लिखित दिया गया वह कागज है जिस पर शिक्षक नवीन कुमार के अलावा निलंबित हेडमास्टर राजीव रंजन के भी हस्ताक्षर हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि परबत्ता की बजाय ये हेडमास्टर अलौली में कैसे मौजूद थे. सूत्रों की मानें तो निलंबन के बाद ये हेडमास्टर बिना परबत्ता गये ही विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से हाजिरी बना रहे हैं.

कभी अनुमंडल मुख्यालय खगड़िया तो कभी डीइओ कार्यालय परिसर तो कभी अलौली में दूसरे स्कूल में जाकर पंचायती करते हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि जब निलंबित अवधि में निलंबित एचएम राजीव रंजन का मुख्यालय परबत्ता में है तो कार्यावधि में अलौली या जिला मुख्यालय में ये कैसे मौजूद रहते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >