शराब पिलाकर युवक की पीटकर हत्या, शव छिपाते समय आरोपित गिरफ्तार

जिले के पोठिया थाना क्षेत्र के भंगहा पंचायत स्थित तुर्की टोला में गुरुवार शाम 30 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. शव को ठिकाने लगाने के दौरान ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.

कटिहार के फलका से रिपोर्ट,

जिले के पोठिया थाना क्षेत्र के भंगहा पंचायत स्थित तुर्की टोला में गुरुवार शाम 30 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. शव को ठिकाने लगाने के दौरान ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान भंगहा वार्ड संख्या-2 निवासी संतोष कुमार मंडल (30) के रूप में हुई है. सूचना पर पोठिया थानाध्यक्ष नवीन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. मृतक के पिता अखिलेश मंडल ने बताया कि तुर्की टोला निवासी मंटू महलदार शराब बनाने-बेचने का काम करता है. संतोष अक्सर उसके यहां शराब पीने जाता था. गुरुवार को भी वह शराब पीने गया था. इसी दौरान विवाद होने पर आरोपी ने संतोष की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई.

साक्ष्य मिटाने शव तुर्की नहर के पास जंगल में छिपाने जा रहा था आरोपित

परिजनों के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी साक्ष्य मिटाने के लिए शव को तुर्की नहर के पास जंगल में छिपाने जा रहा था. तभी ग्रामीणों ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया.

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. मृतक के पिता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. हिरासत में लिए गए आरोपी से पूछताछ जारी है. मामले की सभी बिंदुओं पर जांच हो रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJKISHOR K

Published by: AJEET KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >