पहल: प्रारंभिक स्कूलों में 27 तक मनाया जायेगा स्वागत सप्ताह

पहल: प्रारंभिक स्कूलों में 27 तक मनाया जायेगा स्वागत सप्ताह

– हर दिन होगी अलग-अलग गतिविधियां कटिहार जिले में गर्मी छुट्टी समाप्त होने के बाद सोमवार को सभी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के आने से विद्यालय परिसर गुलजार दिखा. वहीं प्राथमिक शिक्षा निदेशक साहिला के निर्देश पर स्वागत सप्ताह भी शुरू हो गया है. जिला शिक्षा पदाधिकारी व समग्र शिक्षा के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को लिखे पत्र में प्राथमिक शिक्षा निदेशक ने कहा है कि सोमवार से सभी बच्चे आनंदपूर्ण गर्मी छुट्टी बिताकर पुनः विद्यालयों में वापस आने की तैयारी कर रहे है. 20 दिनों के ग्रीष्मावकाश के बाद बच्चे पुनः आनंदपूर्ण और आत्मीय विश्वास के साथ शिक्षण अधिगम प्रक्रिया से जुड़ पायें. इसके लिए शिक्षा विभाग के द्वारा सोमवार से दिनांक 27 जून तक सभी विद्यालयों में स्वागत सप्ताह मनाने का निर्णय लिया गया है. गर्मी छुट्टियों में विद्यार्थियों द्वारा किये गये गृहकार्य का आकलन स्वागत सप्ताह के दौरान किया जायेगा. इस आकलन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जायेगा. ताकि विद्यार्थियों में गौरव की अनुभूति हो और विद्यालय के प्रति उनका विश्वास बढ सके. जिससे बच्चों की नियमित उपस्थिति को प्रोत्साहन मिलेगा. इस दौरान स्वागत सप्ताह के दौरान प्रथम पांच दिनों में प्रत्येक दिन छात्र-छात्राएं स्वागत आधारित तीन मुख्य गतिविधियों का संचालन विद्यालय स्तर पर किया जायेगा. एक घंटा पूर्व बजेगा प्रेरणादायी गीत सर्वप्रथम सभी प्रधानाध्यापक विद्यालय संचालन से एक घंटा पहले अपने विद्यालयों में लाउडस्पीकर के माध्यम से प्रेरणादायी गीत बजाना सुनिश्चित करेंगे. इसके बाद शिक्षक सभी बच्चों का स्वागत गर्मजोशी के साथ विद्यालय द्वार पर विभिन्न उपलब्ध संसाधनों अथवा गतिविधियों यथा तिलक लगाकर, हाथ मिलाकर, हाई-फाई देकर, नमस्ते आपका स्वागत है बोलकर आदि करके करेंगे. चेतना सत्र के दौरान प्रधानाध्यापक की ओर से प्रत्येक दिन विद्यार्थी स्वागत आधारित एक गतिविधि की जायेगी. मसलन स्वागत भाषण, प्रेरणादायी कहानी, महान व्यक्ति का जीवन परिचय बताना, कविता-वाचन तथा बातचीत आदि की जायेगी. इसके अलावा प्रतिदिन एक विशेष थीम के अंतर्गत प्रथम घंटी स्वागत सप्ताह को समर्पित होगा. प्रत्येक दिन के लिए थीम निर्धारित निदेशक की ओर से जारी दिशानिर्देश में कहा गया है कि सप्ताह के प्रथम दिवस सोमवार को गर्मी छुट्टी एक्सप्रेस में विद्यार्थी छुट्टियों के अनुभव को अपने शिक्षकों के साथ साझा किया है. द्वितीय दिवस गृहकार्य एक्सप्रेस के तहत मंगलवार को प्रथम घंटी में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों द्वारा किये गये गृह कार्यों का आकलन किया जायेगा. आदेश के अनुसार तृतीय दिवस 25 जून को गणित एक्सप्रेस के प्रथम घंटी में विद्यार्थियों द्वारा गणित कार्यों को कराया जायेगा. जबकि चतुर्थ दिवस रीडिंग एक्सप्रेस 26 जून को प्रथम घंटी में हिन्दी के किसी एक अध्याय का विद्यार्थियों से रीडिंग कराया जायेगा. इसी तरह पंचम दिवस स्वागत सप्ताह एक्सप्रेस के तहत 27 जून को विद्यालयों में स्वागत सप्ताह का आयोजन किया जायेगा. जिसमें उन बच्चों को बैच देकर सम्मानित किया जायेगा. जिनका नाम स्वागत सप्ताह के दौरान श्यामपट्ट पर लिखा गया है. आदेश में यह भी कहा गया है कि विद्यालयों में हाल ही में कुछ नये शिक्षकों ने योगदान दिया है. यह अपेक्षा की गयी है कि इन नवपदस्थापित शिक्षकों का विद्यालय स्तर पर गर्मजोशी से स्वागत किया जाय.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJKISHOR K

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >