कोढ़ा थाना क्षेत्र के एनएच-31 स्थित गेराबाड़ी चौक पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जिसमें दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गये. जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सड़क पार कर रहे दोनों किशोरों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. आसपास के लोग तुरंत सहायता के लिए दौड़ पड़े. घायलों की पहचान कोढ़ा थाना क्षेत्र के पवई पंचायत निवासी 17 वर्षीय अरमान और 17 वर्षीय शेख तौफीक के रूप में की गई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों किशोर गेड़ाबाड़ी चौक पर सड़क पार कर रहे थे. तभी तेज गति से आ रही पिकअप ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों किशोर सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को आनन-फानन में कोढ़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया. हालांकि, उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए दोनों को पूर्णिया सदर अस्पताल रेफर कर दिया. चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की स्थिति नाजुक बनी हुई है. उनका इलाज जारी है. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पिकअप वाहन अत्यधिक तेज गति में था और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका. जिसके कारण यह हादसा हुआ. दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. जिससे लोगों में आक्रोश भी देखा गया. घटना की सूचना मिलते ही कोढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार पिकअप वाहन तथा उसके चालक की पहचान करने में जुट गई है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द आरोपित को पकड़ा जा सके. स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है.
एनएच-31 पर तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर, दो किशोर गंभीर रूप से घायल
एनएच-31 पर तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर, दो किशोर गंभीर रूप से घायल
