कोढ़ा. कोढ़ा थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर पति-पत्नी के झगड़े के कारण दो व्यक्तियों की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी. दोनों ही घटनाओं में मृतकों के परिजनों ने हत्या की आशंका जतायी है. संबंधित पक्षों पर गंभीर आरोप लगाये हैं. पहली घटना कोढा थाना के खेरिया पंचायत के ड्राइवर टोला निवासी कैलाश रविदास की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी के साथ घरेलू विवाद चल रहा था. एक दिन पहले हुए झगड़े में उनकी पत्नी ने मारपीट की थी. अगले ही दिन उनकी मौत की खबर आयी. जिससे परिजनों में आक्रोश है. मृतक के भाई ने इसे साजिशन हत्या बताते हुए उचित जांच और कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
दूसरी घटना: अहमदाबाद में अनिल यादव की हत्या का आरोप
कोढ़ा प्रखंड के मधुरा पंचायत के वार्ड संख्या 11 निवासी अनिल यादव की मौत अहमदाबाद में हुई. उनके मोसेरा भाई ने बताया कि मौत से एक दिन पहले शाम तीन बजे अनिल से उनकी आखिरी बार फोन पर बात हुई थी. जिसमें उन्होंने अपनी जान को खतरा बताया था. अनिल यादव कुछ दिन पहले ही पंजाब से लौटकर सीधे अपनी ससुराल अहमदाबाद पहुंचे थे. परिजनों का आरोप है कि ससुराल वालों ने उनकी हत्या कर दी.
परिजनों में आक्रोश, निष्पक्ष जांच की मांग
दोनों ही घटनाओं के बाद मृतकों के परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि पुलिस को जल्द से जल्द जांच कर दोषियों को सजा दिलानी चाहिए. पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
