बरेटा विजय टोला में अगलगी की घटना में दो घर जलकर राख

प्रखंड क्षेत्र की सोहथा उत्तरी पंचायत के बरेटा विजय टोला में सोमवार की देर रात करीब 2:30 बजे अचानक आग लगने से एक ही परिवार के दो घर पूरी तरह जलकर राख हो गये

फलका. प्रखंड क्षेत्र की सोहथा उत्तरी पंचायत के बरेटा विजय टोला में सोमवार की देर रात करीब 2:30 बजे अचानक आग लगने से एक ही परिवार के दो घर पूरी तरह जलकर राख हो गये. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते घर में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया. घटना के संबंध में अग्निपीड़ित अशोक मुर्मू ने बताया कि रात में खाना खाकर परिवार के सभी सदस्य सो गए थे. इसी दौरान घर में आग लग गयी. जब तक परिवार के लोग कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. हालांकि तब तक घर में रखा अनाज, कपड़ा, बर्तन सहित लगभग 60 हजार रुपये की संपत्ति जलकर राख हो चुकी थी. अगलगी में परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा है. सोहथा उत्तरी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि संजय झा ने बताया कि आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है. घटना की सूचना मिलते ही पंचायत सचिव मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गये हैं. इधर, अंचल अधिकारी सोमी पोद्दार ने बताया कि मामले की जांच के लिए राजस्व कर्मचारी को घटनास्थल पर भेजा गया है. जांच रिपोर्ट के आधार पर अग्निपीड़ित परिवार को सरकारी सहायता जल्द उपलब्ध करायी जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajkishor k

राजकिशोर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के कटिहार कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >