कोढ़ा कोढ़ा नगर पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. कोढ़ा थाना के मुख्य गेट के समीप नगर पंचायत द्वारा कचरे की डंपिंग किए जाने से आसपास के लोगों का जीना मुश्किल हो गया है. कचरे के ढेर से उठ रही तेज दुर्गंध के कारण स्थानीय ग्रामीणों, राहगीरों और आसपास के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बुद्धिजीवी व ग्रामीणों ने बताया कि थाना परिसर के आसपास कई विद्यालय स्थित हैं. जहां प्रतिदिन सैकड़ों बच्चे पढ़ने आते हैं. ऐसे संवेदनशील स्थान के निकट कचरे का अंबार लगाना न केवल अस्वच्छता को बढ़ावा देता है, बल्कि इससे कई प्रकार की संक्रामक बीमारियों के फैलने का भी खतरा बना हुआ है. दुर्गंध से थाना आने-जाने वाले लोगों को भी काफी असुविधा हो रही है. ग्रामीणों ने कहा, नगर पंचायत प्रशासन की लापरवाही के कारण यह समस्या दिनों दिन गंभीर होती जा रही है. कचरे के कारण आसपास मच्छरों और अन्य कीटों की संख्या बढ़ गई है. डेंगू, मलेरिया और अन्य बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस कचरे को यहां से हटाकर किसी निर्धारित डंपिंग स्थल पर नष्ट किया जाय. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि नगर पंचायत प्रशासन इस समस्या का शीघ्र समाधान नहीं करता है, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे. लोगों ने कहा, स्वच्छता को लेकर बिहार सरकार लगातार अभियान चला रही है. जमीनी स्तर पर जिम्मेदार अधिकारी ही नियमों की अनदेखी कर रहे हैं. अब देखना यह होगा कि नगर पंचायत प्रशासन इस गंभीर समस्या को कितनी जल्दी संज्ञान में लेकर समाधान करता है. ताकि स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों को राहत मिल सके.
थाना गेट व विद्यालय के पास कचरा डंपिंग से परेशानी
थाना गेट व विद्यालय के पास कचरा डंपिंग से परेशानी
