कोढ़ा दक्षिण-पूर्व एशिया में स्थित एक अत्यंत विकसित द्वीप देश सिंगापुर में आयोजित सिंगापुर एक्सपो में अंतरराष्ट्रीय खाद्य प्रदर्शनी एफएचए एशिया-2026 का समापन हो गया. इस वैश्विक मंच पर बिहार के कटिहार जिले की स्टार्टअप कंपनी मोसो इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड ने अपनी अमिट छाप छोड़ी. पिछले चार दिनों के दौरान मोसो फूड्स के स्टाल पर दुनिया के 11 अलग-अलग देशों के 450 से अधिक व्यावसायिक प्रतिनिधियों ने शिरकत की और बिहार के व्हाइट गोल्ड (सफेद सोना) कहे जाने वाले मखाना का अनुभव लिया. प्रदर्शनी के दौरान सिंगापुर, मलेशिया, इंडोनेशिया, दक्षिण कोरिया, थाईलैंड, मोरक्को, चीन, नीदरलैंड, कंबोडिया और वियतनाम जैसे देशों के निर्यातकों और रिटेल चेन संचालकों ने मोसो फूड्स के साथ व्यापारिक साझेदारी में गहरी रुचि दिखाई. विशेष रूप से कंपनी के 8 गौरवशाली स्वादों वाले रोस्टेड मखाना और इंस्टेंट मखाना खीर प्रीमिक्स को अपनी गुणवत्ता, करारेपन और प्रामाणिक भारतीय स्वाद के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली. मखाना को दुनिया के हर घर का सुपरफूड बनायेंगे, गुलफराज प्रदर्शनी के समापन पर कंपनी के संस्थापक गुलफराज ने कहा, दुनिया के सबसे बड़े मखाना उत्पादक केंद्र कटिहार का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गर्व का क्षण है. हमारी सबसे बड़ी जीत यह रही कि हमने वैश्विक खरीदारों के बीच इस भ्रम को तोड़ा कि मखाना केवल कमल का बीज है. हमने उन्हें अपनी पारंपरिक खेती और उच्च तकनीक वाली प्रोसेसिंग प्रक्रिया से रूबरू कराया. हम सिंगापुर से नई संभावनाओं का पिटारा लेकर वापस भारत लौट रहे हैं. हमारा संकल्प है कि मखाने को दुनिया के हर घर का सुपरफूड बनायेंगे. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कटिहार के मखाना की धूम इस सफल आयोजन में कंपनी के निदेशक विकास गुप्ता ने वैश्विक भागीदारों के साथ तकनीकी और व्यापारिक चर्चाओं का नेतृत्व किया. उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार अब स्वास्थ्यवर्धक स्नैक्स की तलाश में है. मोसो फूड्स की व्हाइट लेबलिंग सेवाओं ने विदेशी निवेशकों को काफी प्रभावित किया है. सिंगापुर की इस यात्रा ने बिहार के कृषि-स्टार्टअप के लिए वैश्विक निर्यात के नए द्वार खोल दिए हैं. अब मोसो फूड्स का अगला लक्ष्य इन अंतरराष्ट्रीय ऑर्डर्स को पूरा कर कटिहार के मखाने को वैश्विक रसोई तक पहुंचाना है.
सिंगापुर एक्सपो में कटिहार के मखाना स्टॉल पर उमड़े 11 देशों के व्यापारी
सिंगापुर एक्सपो में कटिहार के मखाना स्टॉल पर उमड़े 11 देशों के व्यापारी
