कटिहार के कोढ़ा से अमीर सोहेल की रिपोर्ट
कोढ़ा प्रखंड अंतर्गत किशोरगंज पवई पंचायत से एक प्रेरणादायक खबर सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र का मान बढ़ा दिया है. पंचायत निवासी नंदकिशोर यादव के तीनों पुत्रों का बिहार पुलिस में चयन हुआ है, जो न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे पंचायत के लिए गर्व की बात है. वहीं, पड़ोसी मोहम्मद बशीर और करण कुमार यादव का चयन भारतीय सेना के अग्निवीर योजना के तहत हुआ है, जिससे क्षेत्र में खुशी का माहौल और भी प्रबल हो गया है.
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में कोढ़ा नगर पंचायत के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने सभी चयनित युवाओं के घर जाकर उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. इस दौरान उन्होंने कहा कि यह सफलता पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा है. उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद इन युवाओं ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है, जो काबिले-तारीफ है.पूरे पंचायत में सफलता से उत्साह
मुख्य पार्षद ने आगे कहा कि आज के समय में युवाओं को ऐसे ही लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करनी चाहिए, ताकि वे अपने परिवार और समाज का नाम रोशन कर सकें. उन्होंने अभिभावकों की भी सराहना की, जिन्होंने अपने बच्चों को सही मार्गदर्शन दिया.
इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों ने भी अपनी खुशी जाहिर की और चयनित युवाओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया. पूरे पंचायत क्षेत्र में इस सफलता को लेकर उत्साह का माहौल है और लोग इसे एक नई शुरुआत के रूप में देख रहे हैं.