– पुलिस की सख्ती जारी फलका फलका थाना में शनिवार को हुए तोड़फोड़ व हंगामा के बाद पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है. घटना को लेकर दर्ज तीन अलग-अलग मामलों में आरोपितों की गिरफ्तारी का सिलसिला जारी है. आक्रोशित भीड़ द्वारा थाना परिसर में तोड़फोड़, पुलिस बल के साथ मारपीट, राइफल छीनने तथा सड़क जाम करने की घटनाओं को पुलिस ने गंभीरता से लिया है. कांड संख्या 61/26 के अंतर्गत सड़क जाम और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने पहले ही प्रभात कुमार हरदा, पूर्णिया, राकेश कुमार लीला, पूर्णिया, रोशन कुमार लीला, पूर्णिया एवं अभिमन्यु कुमार लीला को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया था. इसी कड़ी में सोमवार को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन और आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों में सूरज यादव, नीरज यादव पिता विपिन यादव, निवासी लीला गांव, पूर्णिया तथा प्रकाश यादव गोपालपट्टी निवासी शामिल हैं. सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. घटना के तीसरे दिन भी फलका थाना परिसर एवं आसपास के इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. डीएसपी सदर-2 स्वयं पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं. इधर, नए थाना अध्यक्ष प्रहलाद यादव ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्ती तेज कर दी है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि या अशांति फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है.
फलका थाना में तोड़फोड़ व सड़क जाम मामले में तीन और आरोपित गिरफ्तार
फलका थाना में तोड़फोड़ व सड़क जाम मामले में तीन और आरोपित गिरफ्तार
