फिर गूंजा बल्ला-बॉल का शोर, ड्यूज क्रिकेट की वापसी से खिलाड़ियों में उत्साह

फिर गूंजा बल्ला-बॉल का शोर, ड्यूज क्रिकेट की वापसी से खिलाड़ियों में उत्साह

कोढ़ा कोढ़ा नगर पंचायत स्थित हाई स्कूल मैदान में एक बार फिर क्रिकेट प्रेमियों के लिए खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है. कई वर्षों से इस मैदान में ड्यूज क्रिकेट बंद पड़ा था, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को काफी निराशा का सामना करना पड़ रहा था. लेकिन अब करीब एक महीने से यहां दोबारा क्रिकेट गतिविधियां शुरू हो गई हैं. जिससे खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है. युवाओं और खेल प्रेमियों के प्रयास से मैदान में फिर से नियमित रूप से क्रिकेट मैचों का आयोजन किया जा रहा है. इसी क्रम में शनिवार को कोढ़ा हाई स्कूल मैदान में सन्नी क्रिकेट एकादमी और राइजिंग स्टार कोसी रेलवे, कटिहार के बीच एक रोमांचक मुकाबला खेला गया. मैच के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया. मैदान में लंबे समय बाद क्रिकेट की वापसी से न सिर्फ स्थानीय खिलाड़ी बल्कि आसपास के क्षेत्रों के क्रिकेटर भी काफी उत्साहित हैं. अब स्थिति यह है कि जिले भर के खिलाड़ी इस मैदान पर आकर अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं. इससे न केवल खेल का स्तर बेहतर हो रहा है, बल्कि नए खिलाड़ियों को भी अपनी क्षमता साबित करने का अवसर मिल रहा है. खिलाड़ियों का कहना है कि पहले मैदान में क्रिकेट बंद होने के कारण उन्हें अभ्यास और मैच खेलने के लिए अन्य स्थानों पर जाना पड़ता था, जिससे समय और संसाधनों की काफी बर्बादी होती थी लेकिन अब अपने ही क्षेत्र में बेहतर मैदान मिलने से वे नियमित अभ्यास कर पा रहे हैं और अपने खेल में सुधार ला रहे हैं. स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि इसी तरह से नियमित रूप से क्रिकेट का आयोजन होता रहा, तो आने वाले दिनों में कोढ़ा क्षेत्र से भी कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी निकलकर जिला और राज्य स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं. साथ ही इससे युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी और वे नशा एवं अन्य गलत गतिविधियों से दूर रहेंगे. कुछ लोगों ने मैदान के बेहतर रख-रखाव और बुनियादी सुविधाओं की आवश्यकता भी जताई है. उनका कहना है कि यदि प्रशासन की ओर से इस मैदान को विकसित किया जाए, तो यह क्षेत्र का एक प्रमुख खेल केंद्र बन सकता है. कोढ़ा हाई स्कूल मैदान में क्रिकेट की वापसी ने पूरे इलाके में एक नई ऊर्जा का संचार कर दिया है और आने वाले समय में यहां और भी बड़े क्रिकेट आयोजनों की उम्मीद जताई जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJKISHOR K

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >