श्रद्धालुओं को हो रही भारी परेशानी
– दुकानदारों द्वारा चौकी-बेंच व प्लास्टिक टांगकर सड़क को बनाया गया संकरा, आपात स्थिति में दमकल व पुलिस वाहन पहुंचना भी मुश्किल
बारसोई कटिहार से रिपोर्ट,
रसोई नगर पंचायत स्थित अति प्राचीन एवं प्रसिद्ध श्री विष्णु मंदिर को जाने वाली लगभग सभी प्रमुख सड़कें इन दिनों अतिक्रमण की चपेट में आ गई हैं. सड़क किनारे अस्थायी दुकान लगाने वाले दुकानदारों द्वारा चौकी, बेंच एवं अन्य सामान सड़क पर रख दिए गए हैं. इतना ही नहीं, ऊपर से प्लास्टिक टांगकर झोपड़ीनुमा ढांचा बना दिया गया है. जिससे सड़कें काफी संकरी हो गई हैं. श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार पोस्ट ऑफिस से दक्षिण विष्णु मंदिर जाने वाली सड़क, धानहट्टी से पूरब मंदिर जाने वाली सड़क, जैन मंदिर रोड से उत्तर दिशा की सड़क तथा शिव मंदिर से पश्चिम दिशा की सड़क समेत मंदिर को जोड़ने वाले कई मार्ग पूरी तरह अतिक्रमण की गिरफ्त में हैं. इन सड़कों पर पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है. स्थिति ऐसी है कि बड़ी वाहन तो दूर, बाइक और साइकिल निकालने में भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है. श्रद्धालुओं ने बताया कि कई बार सड़क से गुजरने के दौरान अनजाने में किसी दुकानदार की चौकी या बेंच से टक्कर लग जाती है. जिसके बाद विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. मंदिर आने वाले बुजुर्ग, महिलाएं एवं बच्चे सबसे अधिक परेशान हैं. धार्मिक स्थल तक पहुंचने में हो रही इस कठिनाई को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. स्थानीय लोगों ने चिंता जताते हुए कहा कि अगर इन संकरी गलियों में आग लगने या किसी बड़ी दुर्घटना जैसी घटना हो जाए तो पुलिस वाहन या दमकल की गाड़ी तक घटनास्थल तक नहीं पहुंच पायेगी. इससे कभी भी बड़ी अनहोनी हो सकती है. श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और सरकार का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करते हुए अविलंब अतिक्रमण हटाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि श्री विष्णु मंदिर क्षेत्र धार्मिक आस्था का केंद्र है. इसलिए यहां आने-जाने वाले मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कर श्रद्धालुओं के लिए सुगम एवं सुरक्षित बनाया जाना चाहिए.—————————-
