धनतेरस को लेकर जिले का बाजार होने लगा गुलजार

धनतेरस को लेकर जिले का बाजार होने लगा गुलजार

दुकानदारों की ओर से दिये जा रहे कई आकर्षक ऑफर, करोड़ों के कारोबार का अनुमान कटिहार जैसे-जैसे दीपावली का पर्व नजदीक आ रहा है. वैसे-वैसे धनतेरस को लेकर बाजार की रौनक बढ़ती जा रही है. हर तरफ रोशनी, सजावट व खरीदारी का उत्साह देखा जा रहा है. 18 अक्तूबर को धनतेरस व 20 अक्तूबर को दीपावली मनायी जायेगी. ऐसे में बाजार भी पूरी तरह गुलजार होना शुरू हो गया है. दुकानदारों ने अपने स्टॉक बढ़ाने लगे हैं. ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए नये-नये ऑफर व उपहार योजनाएं भी शुरू कर दी हैं. धनतेरस पर नई चीज़ें खरीदने की परंपरा को शुभ माना जाता है. मान्यता है कि इस दिन कोई भी नया सामान, खासकर धातु या सोने-चांदी की वस्तुएं घर लाने से मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है. यही वजह है कि हर तबके के लोग अपनी क्षमता अनुसार कुछ न कुछ खरीदारी जरूर करते हैं. शहर के प्रमुख ज्वेलरी शोरूम में इन दिनों भीड़ उमड़ रही है. दुकानदारों ने बताया कि इस बार ग्राहकों की रुचि विशेष रूप से हल्के डिजाइन व आधुनिक ज्वेलरी में दिख रही है. कई ग्राहकों ने पहले ही अपनी पसंद की ज्वेलरी बुक कर ली है. जिसकी डिलीवरी धनतेरस के दिन की जायेगी. ज्वेलरी दुकानदारों द्वारा आकर्षक स्कीम और उपहार भी दिए जा रहे हैं. ताकि ज्यादा से ज्यादा ग्राहक उनकी दुकान पहुंचे. इसी तरह बर्तन दुकानों में भी तैयारियां जोरों पर हैं. दुकानदारों ने हर प्रकार की धातु के बर्तनों का स्टॉक तैयार कर लिया है. इस दिन लोग पीतल, स्टील, चांदी व तांबे के बर्तन खरीदना शुभ मानते हैं. माना जाता है कि घर में नये बर्तन लाने से समृद्धि आती है. धनतेरस पर बाइक व कार की खरीदारी खूब होती है. शहर के बाइक शोरूमों में ग्राहकों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई हैं. कई ग्राहक अपनी मनपसंद गाड़ी के मॉडल और रंग की एडवांस बुकिंग कर रहे हैं. शहर के एक शोरूम अधिकारी ने बताया कि इस बार धनतेरस के मौके पर अब तक 40 से ऊपर बाइक की डिलीवरी बुक की जा चुकी है. अगले कुछ दिनों में यह संख्या और काफी बढ़ेगी. इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की दुकानों में भी इस समय भारी हलचल है. टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन और मोबाइल जैसी वस्तुओं पर विशेष डिस्काउंट और गिफ्ट ऑफर दिए जा रहे हैं. दुकानदारों का कहना है कि धनतेरस के अवसर पर बिक्री कई गुना बढ़ जाती है. हालांकि ऑनलाइन शॉपिंग ने बाजार के पारंपरिक व्यापार पर कुछ असर जरूर डाला है. लेकिन धनतेरस के दिन बाजार में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण की खरीदारी जोरों पर होती है. शहर के इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानदारों की माने तो युवा पीढ़ी आजकल ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से अधिक खरीदारी करती है. क्योंकि वहां छूट व ऑफर ज्यादा मिलते हैं. लेकिन इसके बावजूद भी बड़ी संख्या में लोग ऑफलाइन बाजार को प्राथमिकता देते हैं. क्योंकि वे सामान को देखकर और जांचकर खरीदना पसंद करते हैं. उनका कहना है कि ऑनलाइन ऑफर के आकर्षण में कई बार ग्राहक गलत उपकरण भी चुन लेते हैं. बाद में पछतावा होता है. व्यापारियों के अनुसार, केवल धनतेरस के दिन ही कटिहार में करीब 100 करोड़ रुपये तक का व्यापार होने की संभावना है. सोने-चांदी के आभूषणों के अलावा इस बार बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बिक्री में भी रिकॉर्ड बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है. धनतेरस का यह त्योहार न केवल खरीदारी का प्रतीक है. बल्कि यह समृद्धि, विश्वास और परंपरा का भी पर्व है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >