– केंद्राधीक्षक व दंडाधिकारी की बैठक में परीक्षा की तैयारी की समीक्षा कटिहार स्थानीय विकास भवन के सभागार में गुरुवार को जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में इंटरमीडिएट वार्षिक (सैद्धांतिक) परीक्षा को शांतिपूर्वक वातावरण में कदाचार मुक्त आयोजित कराने को लेकर ब्रिफिगं की गयी. बैठक में जानकारी दी गयी कि इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा को लेकर कुल 52 परीक्षा केंद्र बनाये गये है. जिसमें कटिहार अनुमंडल में अन्तर्गत 38, बारसोई अनुमंडल अन्तर्गत 08 एवं मनिहारी अनुमंडल अन्तर्गत 06 परीक्षा केन्द्र निर्धारित किया गया है. जिसमें छात्राओं के लिए कटिहार अनुमंडल अन्तर्गत 17, बारसोई अनुमंडल अन्तर्गत सभी 08 एवं मनिहारी अनुमंडल अन्तर्गत 04 परीक्षा केन्द्र निर्धारित किया गया है. इस प्रकार कटिहार जिला अन्तर्गत छात्राओं के लिए 29 परीक्षा केन्द्र एवं छात्रों के लिए 23 परीक्षा केन्द्र बनाया गया है. जिसमें लगभग 25061 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे. परीक्षा को शांतिपूर्ण वातारण में कदाचार मुक्त आयोजित कराने को लेकर जिला दंडाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की ओर से संयुक्त रूप से परीक्षा नामित नोडल पदाधिकारी, जोनल सह गश्ती दंडाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी एवं केन्द्राधीक्षक एवं पुलिस पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया. डीएम ने परीक्षा संचालन से सबंधित सभी पदाधिकारियों एवं केंद्र अधीक्षकों को पूरी तत्परता एवं निष्ठा से कदाचार रहित परीक्षा संचालन कराने का निर्देश दिया. ताकि किसी भी हालत में परीक्षा केंद्र पर कोई गड़बड़ी पैदा न हो एवं परीक्षा कदाचार रहित संपन्न हो सकें. उन्होंने कहा कि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन दृढ़ संकल्पित है. साथ ही कदाचार मुक्त परीक्षा के संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियों को पूर्ण कर लिया गया. परीक्षार्थियों की जांच के बाद ही मिलेगा प्रवेश: एसपी बैठक में एसपी ने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी महिला अभ्यार्थियों का महिला कर्मियों द्वारा महिला पुलिस की उपस्थिति में फ्रिसकिंग की जाय तथा पुरुष अभियार्थियों को पुरूष कर्मियों के द्वारा अच्छी से फ्रिसकिंग कि जाय. उन्होंने कहा कि परीक्षा के दिन यातायात की सुगम व्यवस्था एवं विधि व्यवस्था संधारण के लिए पुलिस बल को तैनात कराने का निर्देश दिया गया है. परीक्षा को शांतिपूर्वक वातावरण में कदाचार मुक्त आयोजित कराने के लिए नोडल अधिकारी, जोनल सह गश्ती दंडाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी के साथ पुलिस बलों की पर्याप्त संख्या में तैनाती की गयी है तथा सभी परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार एवं परीक्षा कक्षा में सभी प्रकार की गतिविधियों पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरा का अधिष्ठापन के साथ जैमर की व्यवस्था की गयी है. केंद्र के बाहर 200 मीटर के दायरे में बीएनएसएस के धारा 163 लागू रहेगा. साथ ही परीक्षा केन्द्रों पर सभी प्रकार की सुविधा यथा फर्नीचर पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था, पेय जल की व्यवस्था भी रहेगा. निर्धारित समय से आधा घंटा पहले करना होगा प्रवेश सहायक परीक्षा संयोजक सह जिला शिक्षा पदाधिकारी राहुल चंद्र चौधरी ने सभी केद्राधीक्षक एवं मजिस्ट्रेट को अवगत कराया कि किसी भी परीक्षा केन्द्रों में मोबाईल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, वाई-फाई गैजेट, इलेक्ट्रॉनिक डिवाईस, वाईटनर, ईरेजर एवं ब्लेड इत्यादि जैसी समाग्री पूर्णतः वर्जित है. किसी परीक्षार्थि को उक्त सामग्री लेकर परीक्षा केन्द्रो में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जायेगी. परीक्षा में सम्मिलित होने वाले सभी परीक्षार्थियों के लिए जूता-मोजा पहनकर परीक्षा केन्द्र पर प्रवेश करना वर्जित रहेगा. परीक्षार्थी जूता-मोजा की जगह चप्पल पहन कर ही परीक्षा केन्द्र में प्रवेश करेंगे. प्रथम पाली के परीक्षार्थियो को परीक्षा प्रारम्भ होने के समय (पूर्वाह्न 09:30 बजे) से 30 मिनट पूर्व अर्थात पूर्वाह्न 09:00 बजे तक परीक्षा भवन में प्रवेश की अनुमति दी जायेगी. इसी प्रकार द्वितीय पाली के परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारम्भ होने के समय (अपराह्न 02:00 बजे) से 30 मिनट पूर्व अर्थात अपराह्न 01:30 बजे तक ही परीक्षा भवन में प्रवेश की अनुमति दी जायेगी. दोनों पालियों के लिए निर्धारित समय के बाद अर्थात विलम्ब से आने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा भवन में प्रवेश की अनुमति कदापि नहीं दी जायेगी. परीक्षा प्रथम पाली 09:30 बजे पूर्वाह्न से 12:45 बजे अपराह्न तक एवं द्वितीय पाली 02:00 बजे अपराह्न से 05:15 बजे अपराह्न तक होगी.
स्वच्छ व कदाचारमुक्त इंटर परीक्षा कराने को लेकर जिला प्रशासन प्रतिबद्ध: डीएम
स्वच्छ व कदाचारमुक्त इंटर परीक्षा कराने को लेकर जिला प्रशासन प्रतिबद्ध: डीएम
