– मधुरा उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय में तनाव, पुलिस ने शिक्षक को भीड़ से बचाकर अस्पताल पहुंचाया कोढ़ा प्रखंड के मधुरा उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय में उस समय अफरा-तफरी व हड़कंप मच गया, जब विद्यालय के वरीय शिक्षक धर्मेंद्र कुमार राम पर एक छात्रा के साथ अवैध संबंध व छेड़खानी का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने उनकी जमकर पिटाई कर दी. आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में हंगामा करते हुए तोड़फोड़ भी की. विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों व ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई. कोलासी कैंप की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने घायल शिक्षक को ग्रामीणों की चंगुल से सुरक्षित निकालते हुए भीड़ को शांत कराया. घायल शिक्षक को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोढ़ा भेजा. इसके बाद कटिहार सदर अस्पताल रेफर कर दिया. कई महीनों से मिल रही थी शिकायत: मुखिया प्रतिनिधि मधुरा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मिनाज खान ने बताया कि शिक्षक पर तीन छात्राओं के साथ छेड़खानी करने का आरोप है. कहा कि यह मामला पिछले कई महीनों से चल रहा था. जब इसकी जानकारी छात्रा के परिजनों को मिली तो मामला तूल पकड़ लिया और परिजनों ने आरोपित शिक्षक की पिटाई कर दी. बाद में शिक्षक को कोलासी शिविर प्रभारी के हवाले कर दिया गया. छात्रा की ओर से लिखित आवेदन कोलासी शिविर में दिया जा रहा है. आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई: पुलिस कोलासी शिविर थाना प्रभारी श्रवण कुमार ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. घायल शिक्षक को इलाज के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेजा गया है. आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी. दोषी पाये जाने पर होगी सख्त कार्रवाई: बीइओ बीईओ प्रियंका कुमारी ने बताया कि ग्रामीणों ने फोन के माध्यम से घटना की जानकारी मिली है. अभी तक कोई आधिकारिक रिपोर्ट नहीं मिली है. यदि जांच में शिक्षक दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ विभागीय स्तर पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी. घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. विद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था व छात्रों की सुरक्षा को लेकर भी कई सवाल खड़े हो गये.
छात्रा से अवैध संबंध के आरोप में शिक्षक की पिटाई, स्कूल में हंगामा
छात्रा से अवैध संबंध के आरोप में शिक्षक की पिटाई, स्कूल में हंगामा
