– जिला प्रशासन ने बनायी है कार्ययोजना कटिहार बिहार विधान सभा आम निर्वाचन के तहत मतदाता जागरूकता के व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में स्वीप कोषांग के तत्वाधान में विभिन्न तरह की गतिविधियां चलायी जा रही है. स्वीप कोषांग ने मतदाता जागरूकता अभियान को लेकर कार्ययोजना भी तैयार किया है. कार्ययोजना के तहत गांव, पंचायत, प्रखंड व जिला स्तर पर गतिविधियां आयोजित की जा रही है. अलग-अलग प्रखंडों में मतदाता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया. जीविका दीदीयों के द्वारा जहां सीएलएफ स्तर पर मतदाता शपथ दिलाया गया. मनसाही के कुरेठा, फुलहारा, बलरामपुर आदि कई जगहों पर सीएलएफ में जीविका दीदीयों के द्वारा शपथ के साथ-साथ रंगोली बनाकर बिहार विधानसभा आम निर्वाचन में अधिक से अधिक संख्या में मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की गयी. कई प्रखंडों यथा समेली, कटिहार, डंडखोरा, कदवा के आंगनबाड़ी केन्द्रों पर रंगोली प्रतियोगिता के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया. कई जगहों पर स्कूली बच्चों के द्वारा प्रभात फेरी निकाली गयी. विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता, मेंहदी प्रतियोगिता सहित अन्य कई प्रकार की गतिविधियों का आयोजन करते हुए मतदाताओं को जागरूक करने का कार्य किया गया. इन गतिविधियों का उद्देश्य मतदान के प्रति मतदाताओं को जागरूक कर मतदान प्रतिशत में वृद्धि करते हुए इसे 70 प्रतिशत तक ले जाना है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
