Storm Power Outage: कटिहार: शनिवार की देर रात आई तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने कटिहार शहर में भारी तबाही मचाई है. रात करीब 09:45 बजे मौसम के बदले मिजाज के कारण कई मुख्य और रिहायशी इलाकों में विशालकाय पेड़ और बिजली के पोल उखड़कर सड़कों पर गिर गए. इस प्राकृतिक आफत के कारण शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई और प्रमुख मार्गों पर आवागमन ठप हो गया.
मिरचाईबाड़ी चौक पर गिरा ट्रांसफार्मर, एनएच 131ए पर आवाजाही प्रभावित
तबाही का सबसे बड़ा मंजर मिरचाईबाड़ी चौक पर देखने को मिला, जहां तेज हवा के झोंकों के कारण एक भारी-भरकम ट्रांसफार्मर बिजली के पोल समेत उखड़कर सीधे मुख्य सड़क पर आ गिरा. इसके गिरने से कटिहार-पूर्णिया एनएच 131ए पर वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई और राहगीरों को अपनी जान जोखिम में डालकर वहां से निकलना पड़ा. स्थानीय निवासी राजेश कुमार, राकेश कुमार और विशाल कुमार ने बताया कि आंधी के बीच अचानक ट्रांसफार्मर पोल समेत चकनाचूर होकर गिर गया, जिससे वे लोग डरकर अपनी जान बचाकर भागे.
सिरसा और ब्रांच रोड में भी गिरे पेड़, दहशत का माहौल
तबाही यहीं नहीं रुकी, कटिहार-पूर्णिया मार्ग पर ही सिरसा के आगे एक विशालकाय पेड़ बीच सड़क पर गिर गया. वहीं, एसबीपी विद्या विहार के सामने ब्रांच रोड में बिजली के चालू तारों पर सिमर का एक बड़ा पेड़ गिर गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया. गनीमत यह रही कि आंधी-बारिश शुरू होने की आशंका को देखते हुए विद्युत विभाग ने पहले ही बिजली सप्लाई काट दी थी, जिससे कोई बड़ा हादसा या जान-माल का नुकसान नहीं हुआ.
पूरी रात गुल रही बत्ती, रविवार को भी संकट के आसार
देर रात तक सिरसा और ब्रांच रोड से मलबे तथा पेड़ों को नहीं हटाया जा सका था, जिसके कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. इस भीषण तबाही की वजह से पूरे शहर में ब्लैकआउट की स्थिति बनी रही. स्थानीय लोगों को आशंका है कि पोल और ट्रांसफार्मर के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण रविवार को भी दिनभर बिजली के दर्शन होना मुश्किल है. हालांकि, बिजली विभाग की तकनीकी टीमें देर रात से ही पोल को दुरुस्त करने और पेड़ों को काटकर हटाने के काम में जुटी हुई हैं.
Also Read: JDU से RJD और अब BJP का दामन थामेंगी रितु जायसवाल, ऐसा रहा बिहार की राजनीति में उनका सफर
