कटिहार : कटिहार रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने जांच अभियान के दौरान एक रेल यात्री को 49 पीस टेट्रा पैक विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान पूर्णिया के लाइन बाजार प्रभात कॉलोनी निवासी लाल कुमार राय के रूप में हुई है.
संदिग्ध यात्री को रोककर हुई तलाशी
उत्पाद अधीक्षक सुभाष सिंह के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम और आरपीएफ निरीक्षक सह आरपीएफ ईस्ट कार्यालय प्रभारी विक्रम सिंह के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन पर संयुक्त रूप से जांच अभियान चलाया गया. इसी दौरान टीम ने एक संदिग्ध रेल यात्री को रोककर उसके पिट्ठू बैग की तलाशी ली.
तलाशी के दौरान बैग से 49 पीस टेट्रा पैक विदेशी शराब बरामद हुई. शराब बरामद होते ही टीम ने यात्री को गिरफ्तार कर लिया.
उत्पाद विभाग को सौंपा गया आरोपी
आरपीएफ निरीक्षक विक्रम सिंह ने बताया कि गिरफ्तार लाल कुमार राय, पिता शिवजी राय, लाइन बाजार प्रभात कॉलोनी, थाना केहाट, जिला पूर्णिया का निवासी है. आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग के हवाले कर दिया गया.
उत्पाद विभाग में इस मामले को लेकर कांड संख्या 344/26 दर्ज किया गया है. आरोपी के खिलाफ मद्यनिषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है.
