– दमकल व ग्रामीणों की तत्परता से टला बड़ा हादसा, कोई जनहानि नहीं बारसोई प्रखंड क्षेत्र के हरना रोई गांव वार्ड संख्या 07 में सोमवार दोपहर अचानक आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. देखते ही देखते आग ने घर के फूंस व अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया. जिससे भारी नुकसान हुआ. बताया जाता है कि दोपहर करीब 12 बजे घर में अचानक आग भड़क उठी. प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को तुरंत सूचित किया गया. जिसके बाद दमकल की टीम बिना देर किए घटनास्थल के लिए रवाना हुई. दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंचते ही आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया. करीब एक घंटे से अधिक समय तक चले अथक प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी सक्रिय सहयोग दिया. जिससे स्थिति जल्द नियंत्रित हो सकी. अगलगी में घर का फूंस, लकड़ी एवं दैनिक उपयोग के कई सामान जलकर राख हो गये. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी व्यक्ति या पशु के हताहत होने की सूचना नहीं है. समय रहते दमकल और ग्रामीणों की संयुक्त पहल से एक बड़ा हादसा टल गया. घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने आजीविका की समस्या खड़ी हो गई है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अविलंब मुआवजा एवं राहत सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.
शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग, सामान जलकर राख
शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग, सामान जलकर राख
