– करीब 200 वर्ष पुराना विशाल पेड़ धराशायी, फसलें बर्बाद, जलजमाव से जनजीवन अस्त-व्यस्त बारसोई बारसोई प्रखंड क्षेत्र में देर रात आयी तेज आंधी-तूफान व मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है. प्रखंड के बेलवा पंचायत में लगभग 200 वर्ष पुराना विशालकाय पेड़ जड़ से उखड़कर गिर पड़ा. जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पेड़ गिरने से समीप की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई. गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई. आंधी और लगातार बारिश के कारण पंचायत के कई इलाकों में जलजमाव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है. खेतों में पानी भर जाने से किसानों की तैयार फसल को भारी नुकसान पहुंचा है. ग्रामीणों के अनुसार धान एवं अन्य फसलों को काफी क्षति हुई है. जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है. बारिश के बाद गांव की कई सड़कें कीचड़ और पानी से लबालब हो गई हैं. जिससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है. जगह-जगह जलजमाव के कारण आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है. ग्रामीणों ने प्रशासन से जलनिकासी की तत्काल व्यवस्था कराने एवं क्षति का आकलन कर प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग की है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जलनिकासी एवं आपदा प्रबंधन की व्यवस्था नहीं की गई, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है.
तेज आंधी-तूफान व बारिश से बेलवा पंचायत में भारी तबाही
तेज आंधी-तूफान व बारिश से बेलवा पंचायत में भारी तबाही
