फलका थानाध्यक्ष पर एफआईआर दर्ज कर सेवा से करें बर्खास्त, सांसद

फलका थानाध्यक्ष पर एफआईआर दर्ज कर सेवा से करें बर्खास्त, सांसद

कटिहार फलका थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में एक युवक की संदिग्ध मौत मामले ने गंभीर रूप ले लिया है. जिसकी जानकारी मिलने के बाद पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने आईजी व जिले के एसपी से बातचीत की. मामले की गंभीरता को ध्यान में रख कर फलका थानाध्यक्ष रवि कुमार राय तथा जांच अधिकारी कुंदन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया. सांसद पप्पू यादव ने इस घटना को बेहद दुखद और चिंताजनक बताते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. सांसद पप्पू यादव ने वरीय पुलिस अधिकारियों से बातचीत के दौरान थानाध्यक्ष रवि कुमार राय के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें सेवा से बर्खास्त करने का आग्रह किया. कहा कि संबंधित थानाध्यक्ष पर पहले भी अररिया जिले के ताराबाड़ी थाना में इसी प्रकार के मामले में दोषी पाए जाने के बाद निलंबित की जा चुकी है. इसलिए इस बार सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए. ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. मृतक की पहचान गोपालपट्टी गांव निवासी फालो यादव के पुत्र राकेश यादव के रूप में हुई है. पुलिस ने दो दिन पूर्व छिनतई के एक मामले में संदिग्ध मानते हुए राकेश यादव को हिरासत में लिया था. फलका थाना में रखा गया था. कथित तौर पर पिटाई के दौरान उसकी मौत हो गई. परिजनों में आक्रोश व्याप्त है. सांसद पप्पू यादव ने कहा कि घटना की जानकारी उन्हें असम प्रवास के दौरान मिली है. असम से लौटते ही वे पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे. न्याय सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है. पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >