राजकीय पॉलिटेक्निक में विद्यार्थी सहयोग शिविर, छात्रों को शिकायत दर्ज कराने की दी जानकारी

कटिहार राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित विद्यार्थी सहयोग शिविर छात्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर केंद्रित है। प्राचार्य डॉ. रवि कुमार ने बताया कि लाभ लेने के लिए सहयोग पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है।

कटिहार. राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में जिला प्रशासन के सहयोग से मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं का त्वरित समाधान कराने और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना था. कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के प्राचार्य डॉ. रवि कुमार ने की. उन्होंने विद्यार्थियों को शिविर के उद्देश्य और शिकायत निवारण की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी.

पहले पोर्टल पर करना होगा पंजीकरण

प्राचार्य डॉ. रवि कुमार ने बताया कि विद्यार्थी सहयोग व्यवस्था का लाभ लेने के लिए विद्यार्थियों को सबसे पहले सहयोग पोर्टल पर स्वयं अपना पंजीकरण करना होगा. पंजीकरण के बाद विद्यार्थी अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को पोर्टल के माध्यम से दर्ज कर सकेंगे. इससे शिकायतों को संबंधित विभाग तक पहुंचाने और उनके समाधान की प्रक्रिया को सुगम बनाया जा सकेगा.

छात्रवृत्ति और छात्रावास से जुड़ी शिकायतें भी होंगी दर्ज

जिला प्रशासन की ओर से शिविर में पहुंचे उप निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण अनीश कुमार सिन्हा ने बताया कि सहयोग पोर्टल पर विद्यार्थी शैक्षणिक समस्याओं के साथ छात्रवृत्ति, छात्रावास और अन्य संस्थागत समस्याओं से संबंधित शिकायतें दर्ज कर सकते हैं. उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी वास्तविक समस्याओं को पोर्टल पर दर्ज करने की अपील की.

हर महीने चौथे मंगलवार को लगेगा शिविर

अनीश कुमार सिन्हा ने बताया कि विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन प्रत्येक महीने के चौथे मंगलवार को किया जाएगा. शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का प्रयास किया जाएगा.

विद्यार्थियों को शिकायत निवारण की प्रक्रिया समझाई

सहायक थाना के पुलिस पदाधिकारी आशीष रॉय ने भी विद्यार्थियों को शिविर और शिकायत निवारण की प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी. उन्होंने विद्यार्थियों को उपलब्ध व्यवस्था का उपयोग कर अपनी समस्याएं सामने रखने के लिए प्रेरित किया.

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम का मंच संचालन ई. अभिषेक कुमार ने किया. इस अवसर पर ई. वरुण कुमार, ई. कुंदन कुमार, ई. सूरज सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Saroj kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >