कटिहार : आरडीएस कॉलेज सालमारी में मंगलवार को छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों की शिकायतों को सुनकर उनका निर्धारित प्रक्रिया के तहत समाधान सुनिश्चित करना है.
हर माह चौथे मंगलवार को लगेगा शिविर
कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक प्राध्यापक सह बर्सर डॉ. नवल किशोर पिंटू ने की. उन्होंने बताया कि यह बिहार सरकार की सात निश्चय-3 योजना के तहत ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ के लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में पहल है. जिला प्रशासन के समन्वय से प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को कॉलेज में विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा.
30 दिनों के भीतर शिकायतों के निस्तारण का लक्ष्य
डॉ. पिंटू ने कहा कि शिविर में विद्यार्थियों से प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का संकलन किया जाएगा. निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अधिकतम 30 दिनों के भीतर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा. शैक्षणिक समेत विद्यार्थियों से जुड़ी अन्य समस्याओं का नियमानुसार समाधान कराया जाएगा.
अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन नोडल पदाधिकारी डॉ. अर्णब मैती ने किया. मौके पर परीक्षा नियंत्रक प्रफुल्ल कुमार, जिला से प्रतिनियुक्त पदाधिकारी प्रवीण कुमार भारती, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी भृगुनाथ सिंह, सालमारी थाना के कर्मी, सहायतार्थ कर्मी उमेश कुमार, हराधन बोसक सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे.
