बारसोई रेलवे स्टेशन का तीस साल से बंद प्लेटफॉर्म नंबर तीन फिर से होगा चालू

बारसोई रेलवे स्टेशन का तीस साल से बंद प्लेटफॉर्म नंबर तीन फिर से होगा चालू

– गति शक्ति योजना के कार्यों की ली जानकारी एनएफ रेलवे महाप्रबंधक के दौरे से पहले डीआरएम ने किया बारसोई जंक्शन का डेमो निरीक्षण बारसोई पूर्वोत्तर सीमांत (एनएफ) रेलवे के महाप्रबंधक आठ अप्रैल को बारसोई जंक्शन का औपचारिक निरीक्षण करेंगे. इससे पूर्व शनिवार को कटिहार रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक किरेंद्र नारहा स्पेशल सैलून से बारसोई पहुंचे और जंक्शन का विस्तृत डेमो निरीक्षण किया. डीआरएम नारहा ने अपने दौरे में रेलवे सद्भावना मैदान के समीप महानंदा नदी पर स्थित रेल पुल का निरीक्षण किया. उसकी संरचनात्मक स्थिति का जायजा लिया. इसके साथ ही गति शक्ति योजना के अंतर्गत बारसोई जंक्शन पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि लगभग तीस वर्षों से बंद पड़े प्लेटफॉर्म नंबर तीन को शीघ्र ही पुनः चालू किया जायेगा. उन्होंने बताया कि इस प्लेटफॉर्म के जीर्णोद्धार का कार्य लगभग पूरा हो चुका है. यह खबर बारसोई के यात्रियों के लिए किसी सौगात से कम नहीं है. क्योंकि इससे ट्रेनों के परिचालन में सुगमता आएगी और यात्री भार का दबाव कम होगा. डीआरएम ने प्लेटफॉर्म नंबर दो पर नवनिर्मित शौचालय का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को इसे यथाशीघ्र यात्रियों के लिए चालू करने के निर्देश दिया. यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किया. डीआरएम के साथ इस निरीक्षण में वरिष्ठ मंडल परिचालन पदाधिकारी अजितेश कुमार दास, वरिष्ठ मंडल संरक्षा पदाधिकारी अमित कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य पदाधिकारी अनूप कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल समन्वय पदाधिकारी प्रभात कुमार, सहायक अभियंता शंभु कुमार, यातायात निरीक्षक विमल कुमार, वाणिज्य निरीक्षक हरिओम कुमार उपस्थित रहे. उल्लेखनीय है कि एनएफ रेलवे महाप्रबंधक का 08 अप्रैल का प्रस्तावित दौरा बारसोई जंक्शन के विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है. स्थानीय यात्री और व्यापारी वर्ग इस दौरे से बड़ी उम्मीदें लगाए बैठे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >