Vehicle Checking: फलका (कटिहार). एसपी परिचय कुमार के निर्देश पर फलका थाना पुलिस ने कुरसेला-फारबिसगंज स्टेट हाईवे-77 पर अमरपुर बरेटा के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया. अभियान का नेतृत्व थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव ने किया. पुलिस ने वाहनों की जांच के साथ-साथ चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया.
दस्तावेजों की हुई गहन जांच
थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव ने बताया कि अपराध नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अभियान चलाया गया. जांच के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गयी.
वाहनों की तलाशी भी ली गई
दस्तावेजों की जांच के साथ पुलिस ने वाहनों की तलाशी लेकर संदिग्ध वस्तुओं की भी पड़ताल की. अभियान के दौरान करीब दो दर्जन से अधिक दोपहिया वाहनों की जांच की गई.
नियम तोड़ने वालों से वसूला गया जुर्माना
जिन वाहन चालकों के पास आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले, हेलमेट नहीं पहना था या चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग नहीं किया जा रहा था, उनसे मोटर वाहन अधिनियम के तहत जुर्माना वसूला गया.
वाहन चालकों को किया गया जागरूक
पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों से हमेशा हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने, वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की. उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह नियमों का पालन करे.
आगे भी जारी रहेगा अभियान
Vehicle Checking: अचानक चले इस सघन वाहन जांच अभियान से हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों में कुछ समय के लिए हलचल रही. पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार का अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा.
