फलका (कटिहार). फलका थाना पुलिस ने सोमवार की शाम विशेष वाहन जांच एवं शराबबंदी अभियान के दौरान अलग-अलग स्थानों से शराब के नशे में हंगामा कर रहे पांच लोगों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने सभी आरोपितों को हिरासत में लेकर ब्रेथ एनालाइजर से जांच कराई, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई. बाद में चिकित्सकीय जांच के उपरांत सभी के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
विशेष अभियान के दौरान हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार सोमवार शाम करीब पांच बजे फलका थाना क्षेत्र में पुलिस पदाधिकारी एवं दंडाधिकारी की मौजूदगी में विशेष वाहन जांच और शराबबंदी अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान रहटा चौक पर कुछ लोगों के शराब पीकर हंगामा करने की सूचना मिली. पुलिस टीम के पहुंचते ही कुछ लोग भागने लगे, लेकिन पीछा कर तीन लोगों को पकड़ लिया गया.
रहटा और महेशपुर चौक से पांच लोग गिरफ्तार
पकड़े गए लोगों की पहचान छपना निवासी छोटू कुमार साह (25), सुनील कुमार मांझी (19) और दिलीप कुमार यादव (55) के रूप में हुई. इसके बाद महेशपुर चौक से भी शराब के नशे में हंगामा करने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंकज कुमार ठाकुर (27) और रोहित कुमार (22) को गिरफ्तार किया.
ब्रेथ एनालाइजर और मेडिकल जांच में हुई पुष्टि
थाना लाकर सभी आरोपितों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच कराई गई, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई. इसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फलका भेजा गया, जहां चिकित्सकीय जांच में भी शराब सेवन की पुष्टि हो गयी.
बिहार मद्य निषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज
पुलिस ने सभी आरोपितों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2022 के तहत फलका थाना कांड संख्या 186/26 दर्ज किया है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
