अमरपुर-बांका मुख्य मार्ग में फतेहपुर मोड़ के समीप हुई दुर्घटना
By Prabhat Khabar News Desk | Updated at :
अमरपुर. अमरपुर-बांका मुख्य मार्ग में फतेहपुर मोड़ के समीप स्कूटी के धक्के से एक वृद्ध महिला की मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार फतेहपुर गांव निवासी स्व. भुदेव ठाकुर की पत्नी नीलम ठाकुर (75) सोमवार की दोपहर अपने घर से धरमपुर हाट सब्जी की खरीदारी करने जा रही थी. तभी फतेहपुर मोड़ के समीप अमरपुर से बांका की ओर जा रहे स्कूटी चालक ने अनियंत्रित होकर वृद्धा को धक्का मार दिया. जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी. घटना के बाद मौके पर स्कूटी चालक अपनी वाहन छोड़कर फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण व परिजन घटनास्थल पर पहुंचे. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की सूचना ग्रामीणों ने थाने में दिया. सूचना मिलने पर दारोगा संतोष श्रीवास्तव दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर शव को थाना ले आया. जहां से पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया. मौके पर ग्रामीणों ने बताया कि मृतका के पति फौज मे कार्यरत थे. कुछ वर्ष पूर्व उनकी मौत हो गयी. मृतका को दो पुत्र एवं दो पुत्री है. पुत्र बिरेंद्र ठाकुर व नरेंद्र ठाकुर गुजरात के सुरत शहर में रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं. मृतका अपनी बहू के साथ गांव में रहती थी. घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया. थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा ने बताया कि फिलवक्त परिजनों के द्वारा थाना में कोई आवेदन नहीं दिया गया है. आवेदन मिलने पर आगे की कार्यवाही की जायेगी. मृतका की शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।