– सुरक्षा के कड़े इंतजाम- विधि व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने जारी किया संयुक्त आदेश कटिहार विधानसभा चुनाव के लिए द्वितीय व अंतिम चरण के तहत जिले के सात सीट के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार से प्रारंभ कर दी जायेगी. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा की ओर से इसी दिन औपचारिक रूप से अधिसूचना भी जारी की जायेगी. नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण व विधि व्यवस्था संधारण को लेकर जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा व पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने संयुक्त आदेश जारी कर दिया है. नामांकन को लेकर दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये है. संयुक्त आदेश के अनुसार जिला मुख्यालय में समाहरणालय, विकास भवन एवं अनुमंडल परिसर में चार विधानसभा क्षेत्र के लिए नामांकन का पर्चा दाखिल किया जायेगा. जबकि कदवा एवं बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए बारसोई अनुमंडल कार्यालय में नामांकन का पर्चा दाखिल होगा तथा मनिहारी विधानसभा क्षेत्र के लिए मनिहारी अनुमंडल कार्यालय में नामांकन का पर्चा दाखिल किया जायेगा. संयुक्त आदेश के अनुसार समाहरणालय पहुंचने के लिए कई मुख्य सड़कों पर बैरिकेडिंग की गयी है. खासकर समाहरणालय परिसर, समाहरणालय के मुख्य द्वार, एडीएम कक्ष के प्रवेश द्वार, विकास भवन परिसर, विकास भवन के मुख्य द्वार, सदर अनुमंडल कार्यालय परिसर, सदर अनुमंडल कार्यालय के मुख्य द्वार, कारगिल चौक, आईटीआई मोड़, अंबेडकर चौक आदि पर सुरक्षाबलों के साथ साथ दंडाधिकारी की भी प्रतिनियुक्ति कर दी गयी है. संयुक्त आदेश में स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि हर हाल में विधि व्यवस्था बनाये रखा जायेगा. हालांकि मिरचाईबाड़ी हनुमान मंदिर से गेड़ाबाड़ी रोड का यातायात व्यवस्था सामान्य रूप से जारी रहेगी. सभी प्रमुख स्थलों पर वीडियोग्राफी की भी व्यवस्था की गयी है. नामांकन पत्र 20 अक्तूबर तक दाखिल की जा सकेगी. नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए कई तरह की व्यवस्था की गयी है. नामांकन पत्र कार्य दिवस में 11:00 बजे पूर्वाह्न से अपराहन 3:00 बजे तक दाखिल किया जा सकेगा. अधिकतम तीन वाहनों को प्रवेश की अनुमति डीएम व एसपी की ओर से जारी संयुक्त आदेश में कहा गया है कि नगर क्षेत्रान्तर्गत समाहरणालय क्षेत्र में कटिहार, प्राणपुर, बरारी एवं कोढ़ा (अजा) के लिए नाम निर्देशन किया जाना है. जिसमें अधिक संख्या में उम्मीदवारों के नाम निर्देशन किये जाने की संभावना रहती है एवं इस निमित यह क्षेत्र अत्यधिक संवेदनशील रहता है. नाम निर्देशन के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण एवं शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए बेहतर व्यवस्था की गयी है. संयुक्त आदेश में कहा गया है कि नामांकन दाखिल करने के दौरान वाहनों का उपयोग वाहनों के जुलूस या काफिले के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए निर्वाची पदाधिकारी के कार्यालय पर आने वाले अभ्यर्थी की ओर से 100 मीटर की परिधि में अनुमति प्राप्त वाहनों की अधिकतम संख्या तीन तक सीमित की गयी है. कटिहार, प्राणपुर, बरारी एवं कोढ़ा के उम्मीदवारों के नामांकन के लिए 100 मीटर की परिधि में प्रवेश बिन्दु कारगिल चौक एवं आंबेडकर चौक को चिन्हित किया गया है. 100 मीटर के दोनों प्रवेश बिन्दु के बाद अभ्यर्थी के साथ अनुमति प्राप्त अधिकतम तीन वाहनों के ही आगे प्रवेश की अनुमति होगी. शेष वाहन के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गयी है. वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था संयुक्त आदेश में कहा गया है कि आईटीआई-गेड़ावाड़ी मुख्य मार्ग से कारगिल चौक की ओर नाम निर्देशन के लिए अभ्यर्थी के साथ आने वाले अधिकतम तीन वाहनों को समाहरणालय के मुख्य प्रवेश द्वार की ओर जाने की अनुमति होगी. शेष वाहनों के पार्किंग स्थल के रूप में हरिशंकर नायक उच्च विद्यालय परिसर को चिन्हित किया गया है. कारगिल चौक पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि कारगिल चौक के बाद समाहरणालय प्रवेश द्वार की ओर किसी भी अभ्यर्थी के साथ अधिकतम तीन वाहन ही प्रवेश करेंगे. शेष वाहनों को पार्किंग स्थल की ओर भेजना सुनिश्चित करेंगे. कटिहार-पूर्णिया मुख्य मार्ग से आंबेडकर चौक की ओर अभ्यर्थी के साथ आने वाले वाहनों को आंबेडकर चौक के बाद अधिकतम तीन वाहनों को समाहरणालय मुख्य प्रवेश द्वार की ओर जाने की अनुमति होगी. शेष वाहनों के पार्किंग स्थल के रूप में बीएसएपी सात मैदान को चिन्हित किया गया है. आंबेडकर चौक पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि आंबेडकर चौक के बाद समाहरणालय प्रवेश द्वार की ओर किसी भी अभ्यर्थी के साथ अधिकतम तीन वाहन ही प्रवेश करेंगे. शेष वाहनों को पार्किंग स्थल की ओर भेजना सुनिश्चित करेंगे. आदेश में यह भी कहा गया है कि हरिशंकर नायक स्कूल के सम्मुख विशेष शाखा के समीप समाहरणालय के द्वितीय द्वार के आस-पास का क्षेत्र आमजनों के आवामगन के लिए पूर्णतः अवरूद्ध रहेगा. इन स्थानों पर बैरिकेडिंग की जायेगी. आमजनों के लिए हनुमान मंदिर से गेड़ाबाड़ी रोड का यातायात व्यवस्था सामान्य रूप से बहाल रहेगा. पांच व्यक्ति के प्रवेश की अनुमति आदेश में कहा गया है कि निर्वाची पदाधिकारी के कार्यालय वेश्म में जाने के लिए प्रस्तावक के साथ अभ्यर्थी सहित कुल पांच व्यक्तियों को ही परिसर में प्रवेश करने की अनुमति दी जायेगी. प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी यह सुनिश्चित करायेंगे. प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल का यह दायित्व होगा कि वे अपने सम्बद्ध क्षेत्र से जाने वाले व्यक्तियों का फ्रिसकिंग कर यह सुनिश्चित कर लेंगे कि उक्त व्यक्ति किसी भी प्रकार का आग्नेयास्त्र, धारदार हथियार अथवा आपत्तिजनक वस्तु लेकर परिसर में प्रवेश न करने पाये. थानाध्यक्ष, नगर, सहायक थाना, बारसोई थाना एवं मनिहारी थाना अपने स्तर से निरंतर गश्ती करते हुए यह सुनिश्चित करेंगे कि अभ्यर्थियों द्वारा नाम निर्देशन पत्र दाखिला के दौरान विधि-व्यवस्था संधारित रहे. सोमवार से कटिहार जिले के सात विधानसभा क्षेत्र के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने का काम शुरू हो जायेगा. नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 20 अक्तूबर निर्धारित है. जबकि 21 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जायेगी तथा 23 अक्तूबर को अभ्यार्थी अपना नाम वापस ले सकेंगे. सभी विधानसभा क्षेत्र के लिए 11 नवंबर को मतदान कराया जायेगा एवं 14 नवंबर को मतगणना होगी. जिला मुख्यालय में होगा चार सीट के लिए नामांकन जिले के सात में से चार विधानसभा क्षेत्र के लिए नामांकन प्रक्रिया जिला मुख्यालय में संपन्न की जायेगी. जिला मुख्यालय में कटिहार के अलावा प्राणपुर, बरारी एवं कोढ़ा विधानसभा सीट के लिए नामांकन का पर्चा दाखिल किया जायेगा. कटिहार विधानसभा क्षेत्र के लिए सदर अनुमंडल पदाधिकारी आलोक चंद्र चौधरी को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है. जबकि प्राणपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए डीडीसी अमित कुमार को निर्वाची पदाधिकारी बनाया है. इसी तरह बरारी विधानसभा क्षेत्र के लिए भूमि सुधार उप समाहर्ता कटिहार शंशाक वर्णवाल तथा कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए अपर समाहर्ता विनोद कुमार को निर्वाची पदाधिकारी की जिम्मेदारी दी गयी है. निर्वाची पदाधिकारी के वेश्म में ही संबंधित क्षेत्र के प्रत्याशी अपना नामांकन दाखिल करेंगे. कदवा एवं बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए बारसोई अनुमंडल कार्यालय में नामांकन पत्र दाखिल किया जायेगा. कदवा विधानसभा क्षेत्र के लिए बारसोई के भूमि सुधार उप समाहर्ता प्रियंका कुमारी को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है. बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए एसडीओ बारसोई आकांक्षा आनंद को निर्वाची पदाधिकारी का दायित्व दिया गया है. मनिहारी के अनुमंडल पदाधिकारी त्रिलोकीनाथ सिंह मनिहारी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी के रूप में काम करेंगे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
