Katihar, कुरेठा स्टेशन पर पांच नंबर लाइन पार करने के लिए ओवरब्रिज नहीं
कुरेठा स्टेशन पर पांच नंबर लाइन पार करने के लिए ओवरब्रिज नहीं
मनसाही कटिहार से रिपोर्ट,
एनएफ रेलवे कटिहार मंडल के कटिहार-कुमेदपुर रेलखंड पर डबल लाइन निर्माण व कुरेठा रेलवे स्टेशन के भव्य निर्माण के बावजूद पांच नंबर रेल लाइन पार करने के लिए ओवरब्रिज नहीं होने से यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है. ग्रामीणों ने रेल मंडल और महाप्रबंधक को आवेदन देकर ऊपरी सीढ़ी बनाने की मांग की है.
एक-दो नंबर पर सीढ़ी, पांच नंबर पर बांस का सहारा
कटिहार-कुमेदपुर रेलखंड की दिशा पूरब-पश्चिम है. कुरेठा रेलवे स्टेशन पर एक और दो नंबर प्लेटफॉर्म के ऊपर यात्रियों की सुविधा के लिए सीढ़ी बनाई गई है. लेकिन दो नंबर प्लेटफॉर्म के दक्षिणी भाग में पांच नंबर लाइन पार करने के लिए रेलवे ठेकेदार द्वारा ओवरब्रिज या सीढ़ी नहीं बनाई गई है. यात्रियों और आमलोगों की सुविधा के लिए संवेदक ने अस्थायी तौर पर बांस की सीढ़ी उपलब्ध कराई है. जमीन से रेलवे प्लेटफॉर्म की ऊंचाई करीब 5 फीट है. रोजाना लोग इसी बांस की सीढ़ी से चढ़ते-उतरते हैं. जिससे बच्चों और बुजुर्गों को काफी दिक्कत होती है.
हजारों यात्री करते हैं सफर, बढ़ रहा खतरा
कुरेठा रेलवे स्टेशन से कुरेठा, फुलहारा, हापलागंज, मरंगी, महैयारपुर, कुमारीपुर, बड़झल्ला, सहजा पंचायत समेत दर्जनों गांवों के हजारों लोग पश्चिम बंगाल व कटिहार की ओर जाने के लिए ट्रेन पकड़ते हैं. पांच नंबर लाइन पार करने की समुचित व्यवस्था नहीं होने से हादसे का खतरा बना रहता है.
ग्रामीणों ने दिया आवेदन, की सीढ़ी की मांग
लोगों की परेशानी को देखते हुए समाजसेवी अनूप लाल ऋषि, कुरेठा पंचायत के मुखिया अवधेश प्रसाद यादव, जदयू के प्रखंड उपाध्यक्ष रवि शंकर तिवारी, सरपंच प्रमोद कुमार सिंह, गणेश चौधरी, पंचायत समिति सदस्य फुलेश्वर उरांव, वार्ड सदस्य मनोज उरांव, विनोद पंडित, त्रेता कुमारी, रवि कुमार मिर्धा ने एनएफ रेलवे कटिहार मंडल और महाप्रबंधक को आवेदन दिया है. आवेदन में पांच नंबर रेल पटरी से बाहर निकलने के लिए ऊपरी सीढ़ी या ओवरब्रिज बनाने की मांग की गई है. ताकि यात्रियों और आम लोगों की समस्या दूर हो सके. ग्रामीणों का कहना है कि स्टेशन का भव्य निर्माण हुआ है, तो यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा का भी ध्यान रखा जाय.