अमदाबाद. अमदाबाद नगर पंचायत क्षेत्र में प्रखंड मुख्यालय से महज 100 मीटर की दूरी पर बना नवनिर्मित पुल लोगों के लिए राहत के बजाय परेशानी का कारण बन गया है. पुल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन दोनों ओर एप्रोच सड़क नहीं बनने से हजारों लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया है.
पुल तैयार, लेकिन अधूरा है संपर्क
जानकारी के अनुसार पुल का निर्माण पिछले दो वर्षों से चल रहा था. बरसात के दौरान लोगों की सुविधा के लिए यहां डायवर्सन बनाया गया था. बाद में सरकार ने उच्च स्तरीय पुल का निर्माण कराया, लेकिन पुल बनने के बाद भी उसे सड़क से नहीं जोड़ा गया. नतीजतन लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है.
बरसात में छह महीने नाव ही सहारा
वर्तमान में क्षेत्र में जलजमाव की स्थिति है. एप्रोच नहीं होने के कारण ग्रामीणों को करीब छह महीने तक नाव के सहारे आवागमन करना पड़ेगा. चौकिया पहाड़पुर, दुर्गापुर, भवानीपुर खट्टी, भरत टोला, मुरली राम टोला सहित आसपास के हजारों ग्रामीणों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
पश्चिम बंगाल जाने वाला प्रमुख मार्ग प्रभावित
यह सड़क पश्चिम बंगाल के मालदा जिले सहित अन्य क्षेत्रों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है. इसी रास्ते से बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं. एप्रोच नहीं बनने से चारपहिया और दोपहिया वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप है. यहां तक कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है.
ग्रामीणों ने की शीघ्र निर्माण की मांग
स्थानीय लोगों ने संवेदक की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए जिला प्रशासन से पुल के दोनों ओर एप्रोच सड़क का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बरसात के पूरे मौसम में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा.
और पढ़ें : कटिहार में उत्पाद विभाग की कार्रवाई, 79.4 लीटर विदेशी शराब-बीयर जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
