– कांग्रेस जिलाध्यक्ष ग्रामीण के इस्तीफे पर बोले सांसद कटिहार बिहार कांग्रेस में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है. कांग्रेस को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है. शनिवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कांग्रेस वर्किंग कमिटी के सदस्य पूर्व केंद्रीय मंत्री व स्थानीय सांसद तारिक अनवर ने संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनील कुमार यादव के इस्तीफे को लेकर पूछे गये सवाल के जवाब में यह बातें कही है. सांसद ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी इस बात को मानते हैं कि कांग्रेस में कुछ स्लीपर सेल है, जो कांग्रेस को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं. उनकी बात बिल्कुल सही है. बिहार में भी कई स्लीपर सेल कांग्रेस को कमजोर करने की कोशिश में जुटे हैं. कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को शीघ्र हस्तक्षेप करने की जरूरत है. वह खुद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को लिखित रूप में पूरी स्थिति से अवगत कराया हैं. स्वीकार किया कि वह खुद अनुशासन समिति का हिस्सा हैं. इसलिए बहुत कुछ खुलकर नहीं बोल सकते हैं. पत्रकारों के सवाल के जवाब में सांसद ने कहा कि कांग्रेस जिला अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद सुनील यादव कटिहार संसदीय क्षेत्र में सांसद प्रतिनिधि के रूप में काम करेंगे. जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर आमलोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर तत्पर रहेंगे. सभी प्रखंड स्तर पर सांसद शिकायत कार्यालय की स्थापना की जायेगी. जहां लोग अपनी शिकायत लिखित रूप में देंगे. उसके समाधान की दिशा में पहल की जायेगी. महिला आरक्षण बिल के सवाल पर सांसद ने कहा कि महिला आरक्षण बिल को लेकर भाजपा की नीयत ठीक नहीं है. भाजपा खुद नहीं चाहती है कि महिला आरक्षण बिल प्रभावी तरीके से लागू हो. उन्होंने कहा कि परिसीमन के बहाने भाजपा आरक्षण बिल को टालना चाहती है. उन्होंने कहा कि भाजपा के भीतर ही महिला आरक्षण बिल को लेकर विरोध है. भाजपा के कई पुरुष सांसद नहीं चाहते हैं कि महिला आरक्षण बिल लागू हो. संसद में बिल पास नहीं होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल तो 2023 में ही संसद से पास हो चुका है. फिर से लागू क्यों नहीं की जा रही है. अगर भाजपा की नियत साफ है तो वर्तमान 543 लोकसभा सीटों पर ही 33 प्रतिशत महिला रिजर्वेशन को लागू करें. इसमें किसी भी पार्टी को कोई दिक्कत नहीं है. पर भाजपा ऐसा नहीं करेगी. भाजपा चाहती है कि महिला आरक्षण की बिल के नाम पर परिसीमन बिल पास करा ली जाय. कांग्रेस के निवर्तमान जिला अध्यक्ष सुनील कुमार यादव, दिलीप कुमार विश्वास, अवधेश मंडल, सऊद मुखिया आदि मौजूद थे.
प्रखंड स्तर पर सांसद शिकायत कार्यालय की होगी स्थापना: तारिक
प्रखंड स्तर पर सांसद शिकायत कार्यालय की होगी स्थापना: तारिक
