कटिहार. नगर थाना क्षेत्र के रामपाड़ा वार्ड नंबर 24 में एक नाबालिग ने मंगलवार को अपने घर में गले में फंदा डालकर आत्महत्या कर ली. घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा मामले की जांच करते हुए मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवानी कुमारी घर में अकेली थी. घर के सभी सदस्य अपने-अपने काम पर घर से बाहर गये हुए थे. घर वाले सब्जी बेचकर जब घर पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद था. बाहर से आवाज देने पर जब गेट नहीं खुला तो अंदर झांक कर देखा तो शिवानी फंदे से लटक रही थी. घटना की जानकारी वार्ड पार्षद इजहार अली को हुई. सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद घटनास्थल पर पहुंचे तथा अपने सहयोगी के साथ मिलकर गेट तोड़कर नाबालिग के शव को फंदे से उतारा तथा इसकी जानकारी नगर थाना पुलिस को दी. इधर घटना बाबत नगर थाना में यूडी कांड दर्ज कर पुलिस अग्रतर कार्रवाई में जुट गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
