कटिहार ई-रिक्शा चालक संघ कटिहार के प्रतिनिधि मंडल ने बुधवार को अध्यक्ष अजय कुमार सिंहा, सचिव विक्रम कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष संजीत कुमार पासवान उर्फ अनिक पासवान, उपाध्यक्ष राजीव रंजन जयंत कुमार सिंह के नेतृत्व में जिला परिवहन पदाधिकारी सुबीर रंजन, सहायक पदाधिकारी संजीव सिंह, परिवहन इंस्पेक्टर त्रिपुरारी कुमार से मुलाकात की. इस दौरान चालक संघ ने ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, मोटर परिवहन नियमों सहित दर्जनों समस्याओं को लेकर एक मांग पत्र सौंपा. जिला मोटर परिवहन पदाधिकारी सुबीर रंजन ने संघ के मुख्य संरक्षक विकास सिंह को जानकारी देते हुए कहा कि 18 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी व्यक्ति ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने का पात्र है. जबकि 50 वर्ष से अधिक आयु के आवेदकों के लिए मेडिकल फिटनेस अनिवार्य होगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी ई-रिक्शाओं का रजिस्ट्रेशन कराना आवश्यक है. बिना लाइसेंस और बिना रजिस्ट्रेशन वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ जुर्माना भी लगाया जायेगा. सुबीर रंजन ने यह भी बताया कि जल्द ही ई-रिक्शा के लिए रूट चार्ट निर्धारित किया जायेगा. साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि कार्यालय में लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सरल है तथा किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी. उन्होंने चालकों से बिचौलिया से दूर रहने की अपील करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया. मुख्य संरक्षक विकास सिंह ने बताया कि बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई और सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गयी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि संघ के सभी पदाधिकारी मोटर परिवहन नियमों का पालन करेंगे तथा चालकों को लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन कराने के लिए प्रेरित करेंगे.
ई-रिक्शा चालकों की समस्याओं को लेकर डीटीओ को सौंपा ज्ञापन
ई-रिक्शा चालकों की समस्याओं को लेकर डीटीओ को सौंपा ज्ञापन
