कटिहार. औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मनिहारी में सत्र 2026-28 एवं 2026-27 के लिए विभिन्न ट्रेडों में रिक्त सीटों पर स्पॉट एडमिशन की प्रक्रिया सात सितंबर को होगी. युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के निर्देश के आलोक में ऑनलाइन काउंसिलिंग के प्रथम और द्वितीय चरण तथा तृतीय चरण की ऑफलाइन मॉप-अप काउंसिलिंग के बाद रिक्त सीटों पर स्पॉट एडमिशन का निर्णय लिया गया है.
चार ट्रेडों की रिक्त सीटों पर होगा नामांकन
आईटीआई मनिहारी में आईसीटीएसएम, इलेक्ट्रॉनिक मेकेनिक, मेकेनिक डीजल और वेल्डर ट्रेड की रिक्त सीटों पर स्पॉट एडमिशन लिया जायेगा. इच्छुक पात्र अभ्यर्थियों को छह सितंबर को अपराह्न तीन बजे तक ऑफलाइन आवेदन करना होगा. निर्धारित तिथि और समय के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जायेगा.
सात सितंबर को सुबह 10 बजे से शुरू होगी प्रक्रिया
संस्थान परिसर में स्पॉट एडमिशन की प्रक्रिया सात सितंबर को पूर्वाह्न 10 बजे से शुरू होगी. आईटीआई-कैट में शामिल वैसे पात्र अभ्यर्थी, जो पूर्व की ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन काउंसिलिंग के आधार पर किसी संस्थान में नामांकित नहीं हुए हैं, वे स्पॉट एडमिशन के लिए आवेदन कर सकेंगे.
मेरिट और पसंद के आधार पर मिलेगी सीट
रिक्त सीटों पर जिलावार अनारक्षित मेधा क्रमांक यानी यूआर मेरिट के आधार पर योग्य और उपस्थित अभ्यर्थियों को उनकी मेधा एवं पसंद के अनुसार सीट आवंटित की जायेगी. अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर स्वयं उपस्थित होकर नामांकन प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
इन दस्तावेजों को लाना होगा अनिवार्य
स्पॉट एडमिशन के लिए अभ्यर्थियों को मैट्रिक या समकक्ष परीक्षा का प्रवेश पत्र, अंक पत्र एवं औपबंधिक प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र और चरित्र प्रमाण पत्र साथ लाना होगा. इसके अलावा आधार कार्ड की छायाप्रति तथा आईटीआई-कैट-2026 एडमिट कार्ड पर लगे पासपोर्ट साइज फोटो की छह प्रतियां भी लानी होंगी.
एससी-एसटी के लिए 740 और अन्य कोटि के लिए 980 रुपये शुल्क
संस्थान की ओर से एससी-एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए प्रशिक्षण शुल्क 740 रुपये निर्धारित किया गया है. वहीं अन्य कोटि के अभ्यर्थियों के लिए प्रशिक्षण शुल्क 980 रुपये निर्धारित है. संस्थान प्रबंधन ने संबंधित अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि और समय पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने की अपील की है.
