अफवाह पर किस भी गैस एजेंसी में न लगाएं भीड़ कटिहार मध्य पूर्व में चल रहे आपसी विवाद व युद्ध के कारण विभिन्न क्षेत्रों में घरेलू गैस आपूर्ति से संबंधित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से तरह-तरह के भ्रामक सूचना व अफवाह प्रसारित की जा रही है. समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी व पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी संयुक्त रूप से ने गुरुवार को यह जानकारी देते हुए पत्रकारों को बताया कि कटिहार जिलान्तर्गत तीनों अनुमंडल क्षेत्रों के प्रखंडों में कार्यरत विभिन्न कंपनियों के कुल 54 गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स हैं. कटिहार अनुमंडल क्षेत्र अन्तर्गत 10 प्रखंडों में 31 एजेंसी, बारसोई अनुमंडल क्षेत्र अन्तर्गत 04 प्रखंडों में 18 एजेंसी एवं मनिहारी अनुमंडल क्षेत्र अन्तर्गत 02 प्रखंडों में 05 एजेंसी के पास घरेलु उपभोक्ताओं के लिए गुरुवार को कुल 20558 घरेलु एलपीजी गैस सिलिंडर उपलब्ध है. सभी कंपनियों के कार्यरत गैस एजेंसियों द्वारा बुधवार को घरेलु गैस की बुकिंग 4926 के विरूद्ध 4791 गैस सिलिंडर की आपूर्ति उपभोक्ताओं को की गयी है. सभी गैस एजेंसियों के पास कुल 1033 व्यवसायिक गैस सिलिंडर उपलब्ध हैं. डीएम ने बताया कि कटिहार जिलान्तर्गत गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास पर्याप्त मात्रा में गैस सिलिंडर उपलब्ध है. जिलान्तर्गत घरेलू गैस सिलिंडर की खपत के अनुसार एलपीजी गैस कंपनियों के द्वारा सामान्य रूप से गैस की आपूर्ति की जा रही है. कटिहार जिलान्तर्गत कार्यरत एजेंसियों की मांग के अनुरूप कंपनियों से प्राप्त डाटा के अनुसार गुरुवार को कुल 13360 घरेलू एलपीजी गैस सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही है. जिससे सम्पूर्ण प्रखंड अन्तर्गत विभिन्न गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स से संबंधित एलपीजी उपभोक्ताओं को आवश्यकता अनुसार आसानी से गैस सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही है. इसके मद्देनजर केन्द्र सरकार के अलावे भी राज्य स्तर से लेकर जिला एवं प्रखंड स्तरों पर एलपीजी गैस आपूर्ति व वितरण की गहन निगरानी की जा रही है. ताकि गैसों की कालाबाजारी, मुनाफाखोरी, अवैध रूप से एलपीजी गैस सिलिंडर की बिक्री न हो सके. 24 घंटे में आया 47 मामला, 43 का निष्पादन डीएम ने बताया कि आमजन के हित में गैस वितरण प्रणाली को सुचारू एवं पारदर्शी बनाये रखने के लिए निरंतर आवश्यक कदम उठाये जा रहे है. साथ ही जरूरतमन्द संस्थानों जैसे शिक्षा एवं स्वास्थ्य को निर्वाध आपूर्ति के लिए अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया है. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी की गयी है. इस हेल्पलाइन नंबर पर पिछले 24 घंटे में 47 लोगों ने अपनी शिकायत दर्ज करायी है. जिसमें 43 का निष्पादन कर दिया गया है. शेष चार मामलों का निष्पादन प्रक्रियाधीन है. अबतक दो के विरुद्ध एफआईआर: एसपी एसपी शिखर चौधरी ने कहा कि गैस सिलेंडरों की बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान व कार्रवाई के लिए 16 धावा दल का गठन किया गया है. साथ ही संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों को इसकी निगरानी एवं अनुश्रवण के लिए निर्देशित किया गया है. इस क्रम में बुधवार को कटिहार शहर के गैस एजेंसी के कर्मियों के विरूद्ध गैस आपूर्ति व वितरण में अनियमितता मामले में सहायक थाना कटिहार में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. अब दो प्राथमिकी सहायक थाना में दर्ज की गयी है. उन्होंने एलपीजी उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि धैर्य बनाये रखें तथा विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से प्रसारित अफवाहों व भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें तथा अनावश्यक रूप से गैस वितरकों के यहाँ भीड़ न लगाएं. हेल्पलाइन नंबर नंबर पर करें शिकायत तेल एवं प्राकृतिक गैस की उत्पन्न समस्याओं के मद्देनजर आमजन को होने वाले कठिनाईयों के निदान के लिए जिला स्तर पर हेल्पलाईन नम्बर -06452-239025 एवं 239026 जारी किया गया है.
एलपीजी गैस उपभोक्ता धैर्य बनाये रखें, जिले में गैस की नहीं है कमी: डीएम
एलपीजी गैस उपभोक्ता धैर्य बनाये रखें, जिले में गैस की नहीं है कमी: डीएम
