एनएच-31 पर लीची बाजार बन रहा दुर्घटनाओं का कारण

एनएच-31 पर लीची बाजार बन रहा दुर्घटनाओं का कारण

कोढ़ा. कोढ़ा नगर पंचायत के एनएच-31 किनारे अस्थायी लीची बाजार अब सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है. हाईवे किनारे खुलेआम लीची की बिक्री के कारण यातायात बाधित हो रहा है. दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बढ़ती जा रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार, हर वर्ष लीची के सीजन में एनएच-31 के दोनों किनारों पर अस्थायी दुकानें सज जाती हैं. इन दुकानों पर खरीदारी के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचते हैं. जिससे सड़क पर भीड़ बढ़ जाती है. तेज रफ्तार वाहनों के बीच लोग अचानक वाहन रोककर लीची खरीदने लगते हैं, जो हादसों को न्योता देता है. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सुबह से लेकर शाम तक लीची खरीदने वालों की भारी भीड़ लगी रहती है. कई वाहन चालक अचानक ब्रेक लगाकर सड़क पर ही रुक जाते हैं, जिससे पीछे से आ रहे वाहन टकराने से बाल-बाल बचते हैं. सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहन और खरीदारों की भीड़ के कारण जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है. यह स्थिति विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो रही है. कई बार संकरी जगह में वाहन निकालने के दौरान लोग असंतुलित हो जाते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है. स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे हो रही इस अवैध बिक्री पर तत्काल रोक लगायी जाए व लीची विक्रेताओं के लिए किसी सुरक्षित स्थान को चिन्हित किया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे. इस संबंध में कोढ़ा नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी शहनवाज राजा ने बताया कि अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ समय-समय पर कार्रवाई की जाती रही है. उन्होंने कहा कि जल्द ही जिला प्रशासन से अतिरिक्त बल की मांग कर विशेष अभियान चलाया जायेगा. पहले लाउडस्पीकर के माध्यम से दुकानदारों को सूचना दी जायेगी. उसके बाद सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajkishor k

राजकिशोर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के कटिहार कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >