सात में से चार मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन, पंचायत प्रतिनिधियों की पहल से बनी सहमति
बारसोई. अंचल कार्यालय बारसोई में शनिवार को आयोजित जनता दरबार में भूमि विवाद से जुड़े मामलों की सुनवाई की गयी. जनता दरबार में कुल सात प्रतिवेदन प्राप्त हुए. जिनमें से चार मामलों का निष्पादन कर दिया गया. अंचल पदाधिकारी श्याम सुंदर साह ने बताया कि सभी मामले भूमि विवाद से संबंधित थे और लंबे समय से वादी-प्रतिवादी इसको लेकर परेशान थे. उन्होंने बताया कि कचना थाना क्षेत्र के दो तथा बारसोई थाना क्षेत्र के दो मामलों का समाधान आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर कराया गया. प्रशासनिक पहल एवं समझाइश के बाद दोनों पक्षों ने आपसी विवाद भुलाकर गले मिलकर एक-दूसरे को बधाई दी. राजी-खुशी अपने घर लौटे. अंचल पदाधिकारी ने बताया कि राजस्व कर्मचारी, राजस्व अधिकारी एवं स्वयं उनके द्वारा कचना क्षेत्र में संबंधित पक्षों के घर जाकर पंचायत प्रतिनिधियों को विश्वास में लिया गया. स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के सहयोग से विवादों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया गया. जनता दरबार में प्रशासन की इस पहल की लोगों ने सराहना की और इसे सामाजिक सौहार्द की दिशा में सकारात्मक कदम बताया.