कुरसेला कोसी सड़क पुल पर गड्ढा बना हादसों की वजह, मरम्मत की मांग तेज

कटिहार के कुरसेला स्थित कोसी सड़क पुल पर बने गड्ढे वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बन गए हैं. ये गड्ढे आए दिन दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अविलंब मरम्मत की मांग की है.

कटिहार : जिले के कुरसेला स्थित कोसी सड़क पुल पर बना गड्ढा वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन गया है. पुल पर बने इस गड्ढे से आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) से शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है.

दोपहिया वाहन चालकों के लिए बढ़ा खतरा

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल से गुजरते समय अचानक गड्ढा आने से दोपहिया और छोटे वाहनों का संतुलन बिगड़ जाता है. तेज रफ्तार में चलने वाले बाइक सवारों के लिए यह गड्ढा जानलेवा साबित हो सकता है.

पूर्वोत्तर को जोड़ने वाला अहम मार्ग

एनएच-31 पर स्थित कोसी सड़क पुल पूर्वोत्तर के सात राज्यों को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है. इस पुल से प्रतिदिन हजारों छोटे और बड़े वाहन गुजरते हैं. ऐसे में किसी वाहन के खराब होने या दुर्घटना होने पर लंबा जाम लगने की आशंका बनी रहती है.

गश्ती दल गुजरता है, फिर भी नहीं हुई मरम्मत

स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएचएआई का गश्ती दल प्रतिदिन इस पुल से गुजरता है, लेकिन इसके बावजूद गड्ढे की मरम्मत नहीं कराई गई है. पहले भी पुल के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत की गई थी, लेकिन अब फिर से कई जगह गड्ढे बनने लगे हैं.

लोगों ने प्रशासन और एनएचएआई से मांग की है कि किसी बड़े हादसे से पहले पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से की तत्काल मरम्मत कराई जाए.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अजीत ठाकुर प्रिंट माध्यम में 28 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कुरसेला (कटिहार) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >