Flood Alert: कटिहार जिले के कुरसेला प्रखंड में कोसी और गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर का असर अब तटीय क्षेत्रों में साफ दिखाई देने लगा है. निचले इलाकों में धीरे-धीरे बाढ़ का पानी फैल रहा है, जिससे किसानों और पशुपालकों की चिंता बढ़ गई है. जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि के कारण फसलों के डूबने और गांवों में बाढ़ फैलने की आशंका जताई जा रही है.
भदई फसल और परवल की खेती पर संकट
तटीय क्षेत्रों के किसानों का कहना है कि भदई फसल के साथ-साथ दियारा क्षेत्र में लगी परवल की खेती पर भी बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है. यदि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो बड़ी मात्रा में फसल बाढ़ की चपेट में आ सकती है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है.
नेपाल में बारिश से बढ़ा कोसी का जलस्तर
जानकारी के अनुसार नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण कोसी नदी उफान पर है. वहीं गंगा नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है. स्थानीय बारिश के कारण मौसमी नदियां और जलाशय भी भरने लगे हैं, जिससे बाढ़ की स्थिति और गंभीर होने की आशंका है.
गांवों तक पहुंच सकता है बाढ़ का पानी
Flood Alert: स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कोसी और गंगा का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो दोनों नदियों का पानी मौसमी नदियों से जुड़ जाएगा. इसके बाद बाढ़ का फैलाव निचले भूभाग और तटीय गांवों तक शुरू हो सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है.
पशुपालकों के सामने चारे का संकट
दियारा क्षेत्र में बाढ़ का पानी फैलने से पशुओं के लिए उपलब्ध हरा चारा तेजी से खत्म हो रहा है. पशुपालक अपने मवेशियों को लेकर सुरक्षित और सूखे क्षेत्रों की ओर जाने की तैयारी कर रहे हैं. वहीं गंगा नदी का दायरा बढ़ने से दियारा क्षेत्र में आने-जाने का जोखिम भी बढ़ गया है.स्थानीय लोगों ने प्रशासन से संभावित बाढ़ को देखते हुए समय रहते आवश्यक तैयारियां करने और तटीय क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने की मांग की है.
