कटिहार से सूरज कुमार गुप्ता की रिपोर्ट.
Katihar News: शिक्षा विभाग, बिहार के निर्देश पर ग्रीष्मावकाश के दौरान बच्चों की शैक्षणिक क्षमता को मजबूत बनाने के लिए कटिहार के उत्क्रमित मध्य विद्यालय धुसमर कालीस्थान में सोमवार से विशेष समर कैंप की शुरुआत की गई. एक माह तक चलने वाले इस कैंप का उद्देश्य कक्षा पांचवीं और छठी के विद्यार्थियों की भाषा एवं गणितीय दक्षता को बेहतर बनाना है. साथ ही बच्चों के व्यक्तित्व विकास, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को भी नई दिशा देने का प्रयास किया जाएगा.
छुट्टियों में भी सीखने का अनोखा अवसर
उत्क्रमित मध्य विद्यालय धुसमर कालीस्थान में आयोजित समर कैंप का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया. यह कैंप 1 जून से 30 जून 2026 तक संचालित होगा. कैंप के दौरान उन विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा जो भाषा और गणित विषयों में अपेक्षित स्तर से पीछे हैं. उपचारात्मक शिक्षण पद्धति के माध्यम से उनकी कमजोरियों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा.
पढ़ाई के साथ रचनात्मक गतिविधियों पर भी फोकस
समर कैंप केवल किताबों तक सीमित नहीं रहेगा. इसमें बच्चों को कहानी लेखन, पठन-पाठन, कला, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और जीवन कौशल से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा. शिक्षकों का मानना है कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों में सीखने की रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत करती हैं.
भाषा और गणित की नींव होगी मजबूत
शिक्षा विभाग का मानना है कि प्रारंभिक कक्षाओं में भाषा और गणित की मजबूत समझ आगे की पढ़ाई की आधारशिला होती है. इसी सोच के तहत कैंप में विशेष रूप से ऐसे बच्चों की पहचान कर उन्हें अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग दिया जाएगा, ताकि वे आगामी सत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकें.
शिक्षकों और स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी
समर कैंप के शुभारंभ अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक कैलाश प्रसाद मंडल, सहायक शिक्षक संजय यादव, शिक्षा सेवक नुरशेद आलम, स्वयंसेवक लक्ष्मी कुमारी और नंदिनी कुमारी सहित कई अभिभावक उपस्थित रहे. सभी ने इस पहल को बच्चों के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए इसे सफल बनाने का संकल्प लिया.
Also Read: पटना में बढ़ती गर्मी से जल संकट गहराया, 5 फुट नीचे गया जलस्तर, ट्यूबवेल पर बढ़ा दबाव
