कटिहार से सूरज कुमार गुप्ता की रिपोर्ट.
Katihar News: आम लोगों की शिकायतों और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए राज्य सरकार की पहल पर कटिहार जिले में मंगलवार 2 जून को विशेष सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा. जिले के सभी 16 प्रखंडों की चिन्हित एक-एक पंचायत में यह शिविर लगाया जाएगा, जहां नागरिक अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सीधे प्रशासन के समक्ष रख सकेंगे.
जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी की ओर से संयुक्त आदेश जारी कर सहयोग शिविर के सफल संचालन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन का उद्देश्य लोगों की शिकायतों का स्थानीय स्तर पर त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है.
पंचायत स्तर पर पहुंचेगा प्रशासन
जारी निर्देश के अनुसार सहयोग शिविर आम नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का माध्यम बनेगा. शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़े अधिकारी मौजूद रहेंगे, जो लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करेंगे.
जिला प्रशासन का मानना है कि पंचायत स्तर पर ऐसे शिविर आयोजित होने से लोगों को अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए जिला मुख्यालय या सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. इससे शिकायत निवारण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनेगी.
हर महीने दो बार लगेगा सहयोग शिविर
राज्य सरकार के निर्देश के तहत अब प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को पंचायतवार सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे. इन शिविरों में प्राप्त आवेदनों का पंजीकरण, संधारण और समयबद्ध निवारण सुनिश्चित किया जाएगा.
प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि शिविर में प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से निष्पादन किया जाए और आम लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाने में प्राथमिकता दी जाए.
इन पंचायतों में लगेगा शिविर
2 जून को अमदाबाद प्रखंड के बैरिया, आजमनगर के अमरसिंहपुर, बलरामपुर के भिमियाल, बरारी के बकिया सुखाय, बारसोई के बलतर, डंडखोरा के डंडखोरा, फलका के भरसिया, हसनगंज के ढेरुआ, कदवा के बेनीजलालपुर, कटिहार के डेहरिया, कोढ़ा के बांसगढ़ा, कुरसेला के जरलाही, मनिहारी के बाघमारा, मनसाही के चितौड़िया, प्राणपुर के बसतोल और समेली के चांदपुर पूर्वी पंचायत में सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा.
प्रशासन ने संबंधित पंचायतों के लोगों से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं रखने और सरकारी सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है.
