कटिहार नगर निगम के सहयोग शिविर का शुभारंभ, वार्ड स्तर पर सुनी गईं नागरिकों की समस्याएं

कटिहार नगर निगम ने वार्डों में सहयोग शिविर का आयोजन कर नागरिकों की समस्याओं को सुना. महापौर, उपमहापौर और नगर आयुक्त ने मिलकर दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया. इस शिविर का उद्देश्य वार्ड स्तर पर ही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है.

कटिहार से सरोज कुमार की रिपोर्ट

कटिहार : नगर निगम कटिहार द्वारा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से वार्ड संख्या 6, 21 एवं 37 में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का शुभारंभ महापौर ऊषा देवी अग्रवाल, उप महापौर मंजूर खान एवं नगर आयुक्त संतोष कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.

वार्ड स्तर पर शिकायतों का हुआ निष्पादन

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का समाधान वार्ड स्तर पर ही सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए नगर निगम कार्यालय नहीं जाना पड़े.

शिविर में नगर विकास एवं आवास विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं, शिकायतों एवं जनसुविधाओं से जुड़े मामलों का निष्पादन किया गया. नागरिकों ने जलापूर्ति, सफाई व्यवस्था, नाली निर्माण, सड़क मरम्मत, होल्डिंग टैक्स, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र एवं अन्य नगर निगम सेवाओं से संबंधित आवेदन और शिकायतें दर्ज कराईं. संबंधित विभागीय अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों का त्वरित निष्पादन करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया.

'समाधान आपका, सहयोग हमारा' का दिया संदेश

नगर निगम प्रशासन ने लोगों से अपील की कि वे ऐसे सहयोग शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर सरकारी योजनाओं एवं नगर निगम की सेवाओं का लाभ उठाएं. इस दौरान "समाधान आपका, सहयोग हमारा" का संदेश भी दिया गया.

कार्यक्रम में कनीय अभियंता अजय सिंह, राहुल कुमार, नूर अली, कैलाश नारायण चौधरी सहित विभिन्न वार्डों के पार्षद, नगर निगम के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। अपने समाचार पोर्टल पर कार्य करते हुए उन्होंने समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट निर्माण में अनुभव हासिल किया। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >