Education News: कटिहार जिले के कोढ़ा प्रखंड में राजकीय डिग्री महाविद्यालय का बुधवार को विधिवत शुभारंभ किया गया. उद्घाटन समारोह में पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव, कोढ़ा विधायक कविता पासवान, पूर्णिया विश्वविद्यालय के कुलपति विवेकानंद सिंह तथा जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे. सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर और फीता काटकर महाविद्यालय का उद्घाटन किया.
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
उद्घाटन समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज राय, शीशिया पंचायत के मुखिया अभिनंदन सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक और स्थानीय ग्रामीण भी कार्यक्रम में शामिल हुए. कॉलेज खुलने से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया.
स्थानीय छात्रों को मिलेगा बड़ा लाभ
Education News: अब तक कोढ़ा और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता था. महाविद्यालय शुरू होने के बाद अब स्थानीय स्तर पर ही स्नातक की पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध होगी. इससे विशेष रूप से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा.
क्या बोले सांसद और विधायक
सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत होती है. उन्होंने कहा कि कोढ़ा में डिग्री कॉलेज की स्थापना युवाओं के भविष्य को नई दिशा देगी और कॉलेज के विकास के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा.
विधायक कविता पासवान ने कहा कि यह महाविद्यालय केवल एक शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि क्षेत्र के युवाओं के सपनों को साकार करने का माध्यम बनेगा. उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों तक उच्च शिक्षा पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है.
विश्वविद्यालय और प्रशासन ने दिया भरोसा
पूर्णिया विश्वविद्यालय के कुलपति विवेकानंद सिंह ने कहा कि महाविद्यालय में जल्द ही विभिन्न विषयों की पढ़ाई शुरू कर योग्य शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके.जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि कॉलेज के सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन हर आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराएगा. उन्होंने विश्वास जताया कि यह महाविद्यालय क्षेत्र के शैक्षणिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
