कटिहार में 2750 लीटर नकली पेट्रोल बरामद, स्मैक तस्कर की निशानदेही पर पुलिस की कार्रवाई : आरोपी गिरफ्तार

कटिहार जिले में पुलिस और आपूर्ति विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 2750 लीटर नकली पेट्रोल और 35 लीटर डीजल बरामद किया है. यह खुलासा स्मैक तस्करी के एक आरोपी की निशानदेही पर हुआ है, जिसे हाल ही में पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया था.

कटिहार जिले के अमदाबाद थाना क्षेत्र के भोलामारी गांव में पुलिस और आपूर्ति विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 2750 लीटर संदिग्ध ज्वलनशील तरल पदार्थ (प्रारंभिक तौर पर नकली पेट्रोल होने की आशंका) तथा 35 लीटर डीजल बरामद किया गया है. कार्रवाई स्मैक तस्करी के एक मामले में गिरफ्तार आरोपी मुबारक की निशानदेही पर की गई.

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर अपर थानाध्यक्ष विजय कुमार राम, एसआई मसूदन कुमार और पुलिस बल के साथ मुबारक के घर छापेमारी की गई. छापेमारी के दौरान 2750 लीटर ज्वलनशील तरल पदार्थ और 35 लीटर डीजल बरामद हुआ, जिसे जब्त कर अमदाबाद थाना लाया गया है.

स्मैक मामले की जांच में मिला सुराग

थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि इससे पहले बुधवार रात दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त प्रखंड विकास पदाधिकारी रणवीर कुमार की मौजूदगी में एसआई भोला कुमार और पुलिस टीम ने मुबारक के घर छापेमारी कर 203 ग्राम स्मैक बरामद किया था. इस मामले में मशकुरा खातून को गिरफ्तार किया गया था, जबकि मुबारक फरार हो गया था. दोनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी.

हरिश्चंद्रपुर से पकड़ा गया आरोपी

फरार आरोपी की तलाश के दौरान गुरुवार को पश्चिम बंगाल के हरिश्चंद्रपुर थाना से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया है. पूछताछ में उसकी पहचान स्मैक मामले के फरार आरोपी मुबारक के रूप में हुई. अमदाबाद पुलिस उसे अपने साथ लेकर आई. तलाशी के दौरान उसके पास से 2.06 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए.

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, मुबारक की निशानदेही पर शुक्रवार को उसके घर दोबारा छापेमारी की गई, जिसमें भारी मात्रा में संदिग्ध ज्वलनशील तरल पदार्थ बरामद हुआ. पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. बरामद तरल पदार्थ की प्रकृति और गुणवत्ता की पुष्टि के लिए आवश्यक प्रक्रिया अपनाई जा रही है. जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

और पढ़ें : मनसाही की समस्याएं विधानसभा पहुंचीं, पैक्स अध्यक्ष ने डॉ. प्रेम कुमार से की मुलाकात


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Shruti Kumari

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >