कुरसेला (कटिहार) से अजीत कुमार ठाकुर की रिपोर्ट
Katiha News: कटिहार जिले के कुरसेला थाना क्षेत्र में रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. मक्का लदा ट्रैक्टर ढलान से सड़क पर चढ़ाने के दौरान पलट गया, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. इलाज के लिए हायर सेंटर ले जाने के बाद उसकी मौत हो गई. घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.
ढलान चढ़ाते समय बिगड़ा संतुलन, पलट गया ट्रैक्टर
घटना उत्तरी मुरादपुर पंचायत के बल्थी महेशपुर गांव स्थित काली स्थान के समीप की है. जानकारी के अनुसार मक्का लदे ट्रैक्टर को नीचे ढलान से मुख्य सड़क पर चढ़ाया जा रहा था. इसी दौरान चालक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया.
हादसे में चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल उसे बाहर निकाला और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरसेला पहुंचाया.
अस्पताल से रेफर, लेकिन नहीं बच सकी जान
सीएचसी कुरसेला में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया. परिजनों ने बेहतर इलाज की उम्मीद में उसे तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.
मृतक की पहचान पूर्णिया जिले के टिकापट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत कोशकीपुर गांव निवासी 28 वर्षीय मंटु सिंह के रूप में हुई है.
पत्नी की आंखों में भविष्य की चिंता
मंटु सिंह की मौत की सूचना मिलते ही उनकी पत्नी और अन्य परिजन रोते-बिलखते कुरसेला थाना पहुंचे. पत्नी ने बताया कि लंबे समय बाद उनके पति ट्रैक्टर चलाने के लिए निकले थे, लेकिन नियति ने उन्हें हमेशा के लिए छीन लिया.
उन्होंने कहा कि परिवार पूरी तरह मंटु सिंह की कमाई पर निर्भर था. अब बच्चों की परवरिश और घर का खर्च कैसे चलेगा, यही सबसे बड़ी चिंता है. परिवार पर अचानक आए इस संकट ने सभी को झकझोर कर रख दिया है.
पुलिस ने शुरू की कानूनी प्रक्रिया
कुरसेला पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेज दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ग्रामीणों के अनुसार मंटु सिंह मेहनती और मिलनसार स्वभाव के युवक थे. उनकी असमय मौत से गांव में शोक का माहौल है.
Also Read: पटना में बढ़ती गर्मी से जल संकट गहराया, 5 फुट नीचे गया जलस्तर, ट्यूबवेल पर बढ़ा दबाव
